
Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में डीएपी खाद की किल्लत के बीच किसानों को कथित तौर पर नकली खाद बेचे जाने के मामले सामने आया है। किसानों की शिकायत पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने जांच की और संदिग्ध खाद के सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि, जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम मालखेड़ी में रहने वाले अरविन्द्र दुबे, कलरावनी निवासी प्रभा साहू, प्रभू साहू, राजेन्द्र प्रसाद साहू और जानकी प्रसाद साहू तथा बीना निवासी अकरम कुरैशी ने ग्राम कुरुआ निवासी रोहित राय से खाद खरीदी थी। किसानों का कहना है कि, उन्होंने बिना ई-टोकन के 25-25 बोरी डीएपी खाद 2 हजार रुपए प्रति बोरी की दर से खरीदी थी।
किसानों को खाद का इस्तेमाल करते वक्त उसके नकली होने की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से शिकायत की। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार हेमराज मेहर और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अवधेश राय ने मामले की जांच शुरु की। शुरुआती जांच में खाद संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने उसके सैंपल लिए, ताकि जांच के जरिए खाद की वास्तविक गुणवत्ता का पता लगाया जा सके। बताया ये भी जा रहा कि, किसानों को खाद बेचने वाले रोहित राय का मोबाइल फोन फिलहाल बंद है। इससे मामले की जांच और संबंधित व्यक्ति से पूछताछ में खठिनाई आने की संभावना है।
इसी तरह पड़रिया में रहने वाले सुरेन्द्र पिता मालक सिंह के यहां भी 20 बोरी डीएपी खाद मिला है। इस खाद के भी नकली होने का शक जताया जा रहा है। हालांकि, सुरेन्द्र खाद कहां से लाया था, इसकी जांच की जा रही है।
इस दौने मामलों को लेकर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी द्वारा कार्रवाई के लिए पुलिस थाने में आवेदन दिया जा रहा है। अब खाद के सैंपल की जांच रिपोर्ट और पुलिस की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि, खाद नकली था या नहीं? साथ ही, इसके जिम्मेदार के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा सकेगी।