
Bina Liquor Shop Health Checkup: शराबियों के अच्छे दिन! जी हां मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना में सोमवार को जो तस्वीरें सामने आई हैं उन्हें देखकर पहली नजर में यही बात लोगों के मुंह से निकल रही है। यहां ठेके पर शराब लेने के लिए पहुंच रहे लोगों को पहले दवा मिली और फिर दारू। शराब का जाम छलकाने से पहले शराबियों को अपना हेल्थ चैकअप कराना पड़ा, शराब ठेके के सामने ही डॉक्टर साहब की टेबल कुर्सी लगी थी जिस पर शराबियों की जांच की गई उनके ब्लड सैंपल लिए गए।
सागर में शराब पीने के बाद हुई मौतों का कारण गंभीर बीमारियां सामने आने के बाद प्रशासन ने शराब पीने वालों का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कराया है। सोमवार को आगासौद रोड, गांधी चौराहा स्थित शराब दुकान पर आबकारी विभाग की टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पहुंची। जहां शराब लेने के आने वाले लोगों की डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने अपनी टीम के साथ जांच की और ब्लड सैंपल लिए गए, जिसमें किडनी, लिवर सहित अन्य जांचें शामिल हैं। आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि शासन के आदेश पर स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कराया है और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
बता दें कि मध्यप्रदेश का सागर जिला बीते दिनों शराब से हुई मौतों के कारण सुर्खियों में रहा है। सागर जिले में जहरीली शराब के कारण दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। वहीं बीते दिनों सागर के साथ ही जिले के देवरी और बंडा में भी 3 लोगों की शराब पीने के बाद मौत हो गई थी। बाद में जांच के बाद इन तीनों लोगों की मौत शराब की वजह से नहीं बल्कि तबीयत खराब होने के कारण सामने आया था। इन तीन लोगो की मौत के बाद ही प्रशासन सतर्क हुआ है और अब शराबियों के स्वास्थ्य की जांच करा रहा है।