
Bina Railway Station Train Protest: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच में पानी खत्म होने पर शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने पर रविवार को यात्रियों ने हंगामा कर दिया। जोधपुर-चेन्नई के बीच चलाई जा रही स्पेशल ट्रेन के कई कोचों में पानी नहीं होने से नाराज यात्रियों ने ट्रेन को बार-बार चेन पुलिंग कर रोक दिया। इस दौरान करीब 54 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। यात्री कोच में पानी भरने की मांग पर अड़े रहे और हंगामा किया। आखिरकार स्थानीय अधिकारियों ने पानी भरने का निर्णय लिया और फिर ट्रेन को भोपाल की ओर रवाना किया जा सका।
जोधपुर-चेन्नई स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का बीना स्टेशन पर महज पांच मिनट का निर्धारित स्टॉपेज है, लेकिन यात्रियों ने कोच में पानी नहीं होने की शिकायत करते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन में पानी भरने के लिए कंट्रोल रूम से कोई सूचना नहीं मिली है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार बीना में केवल उन्हीं गैर निर्धारित ट्रेनों में पानी भरा जाता है, जिनके लिए कंट्रोल रूम से सूचना मिलती है। इसके बावजूद यात्रियों ने ट्रेन चलने नहीं दी और दोबारा चेन पुलिंग कर दी। लगातार तीन बार चेन पुलिंग होने के बाद अधिकारियों को पानी भरने का निर्णय लेना पड़ा। ट्रेन के बी-2, बी-9 सहित अन्य कोच में पानी की कमी थी।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर लंबे समय तक खड़े रहने से इस प्लेटफॉर्म पर आने वाली अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। सागर से बीना पहुंचे रोहित शिंदे ने बताया कि वह सुबह 9 बजे दादर सेंट्रल एक्सप्रेस पकडऩे स्टेशन पहुंचे थे। कोच डिस्प्ले बोर्ड पर ट्रेन का प्लेटफॉर्म नंबर तीन दिखाया जा रहा था, लेकिन ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर दो से रवाना कर दिया गया। दीपावली पर घर जाने के लिए उन्होंने दो महीने पहले आरक्षण कराया था, लेकिन प्लेटफॉर्म की जानकारी में बदलाव के कारण उनकी ट्रेन छूट गई। इसके बाद उन्हें दूसरी ट्रेन से सामान्य टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ी।