
Sagar BJYM Leader Harassment Case: मध्यप्रदेश के सागर में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में परिचित का इलाज कराने पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव पीपरा पर महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ छेड़छाड़ व जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत नेता ने महिला डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्रता की और धमकी दी। BJYM नेता अनिल श्रीवास्तव की इस हरकत के खिलाफ डॉक्टरों और नर्सों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर प्रदर्शन और चक्काजाम किया। साढ़े तीन घंटे चले इस विरोध के बाद पुलिस ने भाजपा नेता और उसके साथी के खिलाफ गोपालगंज थाने में मामला दर्ज किया है।
गुरुवार देर रात BJYM नेता अनिल श्रीवास्तव अपने साथ लक्ष्मी तिवारी नाम की मरीज को लेकर बीएमसी पहुंचे थे। अस्पताल स्टाफ के अनुसार, मरीज के आने से पहले ही रसूखदारों के फोन आने शुरू हो गए थे। जब डॉक्टर और नर्स मरीज को अटेंड कर रहे थे, तभी भाजपा नेता और उनके सहयोगियों ने इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों का आरोप है कि भाजपा नेता और उनके साथ आए लोग अत्यधिक शराब के नशे में थे। इलाज के दौरान जब स्टाफ ने उन्हें शांत रहने को कहा, तो वे भड़क गए। तभी नर्स बाजू वाले बेड पर भर्ती एक महिला की जांच करने मुड़ी तो आरोपी ने महिला डॉक्टर को गलत तरीके से छुआ। जब स्टाफ ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी नेता ने उन्हें अस्पताल परिसर के बाहर देख लेने और गोली मारकर हत्या करने की सीधी धमकी दे डाली।
रात में बीएमसी प्रबंधन और पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न होने से नाराज जूनियर डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ का गुस्सा शुक्रवार सुबह फूट पड़ा। सुबह से ही पूरा स्टाफ काम बंद कर अस्पताल परिसर में लामबंद हो गया। इसके बाद अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। यह चक्काजाम साढ़े तीन घंटे चलता रहा। प्रदर्शन के दौरान 5 थानों का पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर एएसपी नरेंद्र सोलंकी, सीएसपी ललित कश्यप, गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत, मनीष सिंघल, रोहित डोंगरे मौजूद थे। बीएमसी के संयुक्त संचालक और अधीक्षक डॉ. राजेश जैन ने नर्सिंग स्टाफ की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुला।