सागर

‘मेरे बेटों को क्या हो गया…’ बच्चों के चेहरे सहलाते हुए रोती रही मां, सागर में गहरे पानी में समा गए सगे भाई

Brothers Mine Pit Incident: मध्य प्रदेश के सागर जिले में खनन और खदानों के गड्ढों ने पिछले चार दिन में अब तक दो घरों के चिरागों को बुझा दिया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से शिकायत भी की है।
2 min read
Sep 14, 2026
brothers mine pit incident mother reaction compensation
Sagar Brothers Mines Pit Incident: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूमों का निधन (फोटो सोर्स- Patrika)

Brothers Mine Pit Incident: मध्य प्रदेश के सागर जिले में चार दिन के भीतर दो घरों के चिराग बुझ गए। ताजा मामला, मोतीनगर थाना क्षेत्र के भापेल में एक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गांव से करीब तीन किमी दूर स्थित एक खदान के पास नागवंशी परिवार निवास करता है। रविवार को विनोद नागवंशी के दो मासूम बेटे 4 वर्षीय गजेंद्र और 2 वर्ष का छोटा भाई जागेंद्र खेलते-खेलते अचानक खदान के पास पहुंच गए और गहरे पानी में चले गए।

बच्चों को देख टूटी मां, बाल सहलाते हुए बोली- हमारे बेटों को क्या हो गया?

बच्चों के काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू की। काफी देर तलाश करने के बाद दोनों बच्चे संदिग्ध अवस्था में तालाब में मिले। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों को बाहर निकाला गया। दोनों बच्चों ऐसी हालत में देख उनकी मां टूट गई। बच्चों के चेहरों को सहलाते हुए मां रोने लगी। रोते-रोते पीड़ित मां बार-बार बोलती रही कि - मेरे बेटों को क्या हो गया….। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चों को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। मोतीनगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

गड्ढे व खनन से खोखली की गई भूमि

जिले में पानी से भरे गड्‌ढों और खदानों में डूबने से बच्चों की निधन का यह कोई पहला मामला नहीं है। महज दो दिन पूर्व ही कैंट थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में भी ऐसा ही एक हादसा सामने आया था। यहां 8 वर्षीय कार्तिक और 3 वर्षीय मुक्कू गुरुवार की दोपहर खेलते-खेलते भैंसा गांव के उस क्षेत्र में पहुंच गए, जहां गहरा गड्‌ढा था। बारिश के पानी से भरे गहरे गड्‌ढे में डूब गए थे।

विधायक प्रदीप लारिया ने बंधाया ढांढस

घटना की जानकारी मिलते ही नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने तुरंत संज्ञान लिया। विधायक ने पीडित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के नियमों के तहत दोनों पीड़ित बच्चों के परिजन को तत्काल 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कराई जाए, ताकि दुख की घड़ी में परिवार को संबल मिल सके।

चार दिन पहले भी सामने आया था ऐसा ही एक हादसा

कैंट थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में गुरुवार को भी ऐसे ही एक हादसे में दो सगे भाइयों का निधन हो गया था। जहां खेलते-खेलते दो सगे मासूम भाई मनरेगा के तहत खोदी गए गड्ढे में डूब गए और उनका निधन हो गया। भागीरथ बंसल का बड़े बेटा 8 वर्षीय कार्तिक और 3 वर्षीय मुक्कू खेलते-खेलते भैंसा गांव के उस क्षेत्र में पहुंच गए, जहां गड्ढा था। गड्ढा में बरसात का पानी भरा था। स्थानीय लोगों ने कहा कि दोनों भाई गड्ढा के पास पहुंचे तो फिसलकर गड्ढे में गिर गए। परिजन बच्चों को खोजते रहे, जब ग्रामीणों ने गड्ढे में खोजबीन की तो पानी में दोनों बच्चों मिले। मामले में कैंट पुलिस ने मर्ग कायम किया और जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
14 Sept 2026 11:35 am
Published on:
14 Sept 2026 11:35 am