सागर

Bina news: ‘बिना परीक्षा डायरेक्ट जॉइनिंग …’, रेलवे में सीधे नियुक्ति के दावे फर्जी, रहें सावधान

Railway job fraud: रेलवे भर्ती शुरू होते ही सोशल मीडिया पर बिना परीक्षा नौकरी और डायरेक्ट नियुक्ति के फर्जी विज्ञापन फैलाकर युवाओं को ठगने वाले दलाल सक्रिय हो गए हैं।
2 min read
Sep 02, 2026
नौकरी दिलाने के नाम दलाल सक्रिय, (Photo Source: AI Image)
नौकरी दिलाने के नाम दलाल सक्रिय, (Photo Source: AI Image)

Bina news: रेलवे में भर्ती की प्रक्रिया शुरू होते ही बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दलाल सक्रिय हो जाते हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों रेलवे भर्ती के नाम से फर्जी विज्ञापन प्रसारित कर युवाओं को बिना परीक्षा नौकरी, सीधे नियुक्ति और निश्चित चयन का झांसा दिया जा रहा है। रेलवे ने युवाओं और अभिभावकों को ऐसे फर्जी विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे में सभी भर्तियां निर्धारित नियमों और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत केवल रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) एवं रेलवे भर्ती सेल (आरआरसी) के माध्यम से ही की जाती है। रेलवे में किसी भी पद पर प्रत्यक्ष भर्ती, बिना परीक्षा नियुक्ति अथवा निजी एजेंसी के माध्यम से चयन की कोई व्यवस्था नहीं है।

भर्ती की गलत जानकारी की जा रही प्रसारित

सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर बिना परीक्षा भर्ती, डायरेक्ट जॉइनिंग, तुरंत नियुक्ति, सीमित योग्यता पर सरकारी नौकरी और निश्चित चयन जैसे दावे किए जा रहे है। इन विज्ञापनों में रेलवे का लोगो और रेलवे स्टेशन के नाम का अनाधिकृत रूप से इस्तेमाल कर युवाओं को गुमराह किया जाता है। ऐसे विज्ञापनों का रेलवे से कोई संबंध नहीं है।

नौकरी के नाम पर किसी को पैसा न दें

रेल प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि रेलवे भर्ती से जुड़ी किसी भी सूचना की पुष्टि केवल अधिकृत माध्यमों से करें। नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति, संस्था या एजेंसी को किसी भी स्थिति में धनराशि न दें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, दस्तावेज या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से भी बचें। भर्ती प्रक्रिया और आवेदन से जुड़ी जानकारी के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट ही देखें। यदि कोई व्यक्ति रेलवे में नौकरी लगवाने का दावा करता है या संदिग्ध भर्ती विज्ञापन सामने आता है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर दें।

नौकरी के लिए 95 हजार का चूना

वहीं एमपी के राजगढ़ जिले में श्रम विभाग में नौकरी लगवाने और काम दिलाने के नाम पर विभाग के ही एक एलडीसी कर्मचारी द्वारा युवती और उसकी बहनों से 95 हजार रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। रुपए लौटाने के लिए आरोपी ने चेक भी दिया, लेकिन वह भी भुगतान नहीं हुआ। परेशान युवती ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने एलडीसी कर्मचारी सुरेंद्रसिंह जाटव के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।

Updated on:
02 Sept 2026 05:17 pm
Published on:
02 Sept 2026 05:17 pm