
Sagar Road Accident: मध्यप्रदेश के सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र में दीपावली की अगली सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सोमवार सुबह गोपालपुरा के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब कार सड़क पर खड़े एक ट्रक में जा घुसी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, नरयावली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव से करीब एक दर्जन लोग कार्तिक अमावस्या के अवसर पर अर्टिगा कार से नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए बरमान जा रहे थे। इसी दौरान देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 6 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई और कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नरयावली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा व घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद देवरी से सभी घायलों को सागर रेफर किया गया है। घटना की सूचना पुलिस ने मृतकों के परिजनों को दी है जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और भैंसा गांव में शोक का माहौल है। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। घायलों के परिजन सूचना मिलने के बाद सागर के लिए रवाना हो गए हैं।