सागर

सीएम मोहन यादव की सख्ती के बाद आबकारी उपायुक्त को हटाया, सागर के 3 बड़े अधिकारी भी निलंबित

Sagar Excise Deputy Commissioner Removed : नकली शराब कांड में 4 अधिकारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने लिया एक्शन
2 min read
Sep 06, 2026
सीएम मोहन यादव की सख्ती पर सागर आबकारी उपायुक्त को हटाया
सीएम मोहन यादव की सख्ती पर सागर आबकारी उपायुक्त को हटाया (फोटो सोर्स-सीएम एक्स)

CM Mohan Yadav : मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा ब्लॉक में संदिग्ध अवैध मिलावटी शराब के सेवन से अभी तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने 10 मौतों की बात मानी है। यह आंकड़ा बढ़ने की आशंका है क्योंकि अस्पताल में भर्ती अनेक प्रभावितों की हालत बेहद गंभीर है। इस दुखद घटना के उपरांत सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर एवं एसपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर प्रतिभा पाल अस्पताल भी पहुंची। मामले में सीएम मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई की बात कही। उनके निर्देश पर सागर के आबकारी उपायुक्त को हटाया गया है जबकि 3 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

सागर में हुई मौतों के बाद पिछले 2 दिनों में शराब पीनेवालों को सतर्क रहने को कहा जा रहा है, उन्हें स्क्रीनिंग कराने की सलाह दी गई है। इस बीच बंडा में पीएम होने के बाद भी कुछ अधिकारियों ने डेड बॉडी रोक ली। परिजन परेशान होते रहे।

प्रारंभिक जांच में नकली शराब ललितपुर से सप्लाई होने की बात कही जा रही

प्रारंभिक जांच में नकली शराब ललितपुर से सप्लाई होने की बात कही जा रही है। शासन ने सागर जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी है। क्षेत्र की कुछ शराब दुकानों को एहतियातन तत्काल प्रभाव से सील कर शराब के सैंपल लिए गए हैं जिनकी जांच की जा रही है। बरेठी, बंडा, शाहगढ़, मगरधा, विनायका, दलपतपुर, बरायठा आदि में दुकानें बंद कर दी गई हैं।

उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया

एमपी के आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना सागर के बंडा पहुंचे। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा शराब कांड में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। आबकारी आयुक्त के अनुसार उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है। तीन अधिकारी निलंबित किए गए हैं। कीर्ति दुबे, सहायक आयुक्त आबकारी सागर, दिलीप खंडाते सहायक जिला आबकारी अधिकारी सागर और प्रोशनी उरेती, आबकारी उप निरीक्षक वृत बंडा को निलंबित किया गया है।

आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने बताया कि सागर ज़िले के बंडा तहसील के ग्राम गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन में नक़ली शराब पीने से 10 व्यक्तियों की मृत्यु के मामले में राज्य सरकार ने कार्रवाई की है।

Updated on:
06 Sept 2026 04:39 pm
Published on:
06 Sept 2026 04:27 pm