
Sagar Family Tragedy News: मध्यप्रदेश के सागर जिले के खुरई के सहोद्रा राय वार्ड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति के जहर खाकर आत्महत्या करने के दो दिन बाद पत्नी ने भी दोनों बच्चों के साथ जहर खा लिया। पत्नी की मौत हो गई है जबकि दोनों बच्चों की हालत गंभीर है। दोनों बच्चों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। महिला ने दो शादियां की थीं और उसके दोनों ही पतियों ने आत्महत्या की है।
खुरई के सहोद्रा राय वार्ड में रहने वाले 34 वर्षीय सत्यदेव कटारे ने दो दिन पहले जहर खाकर आत्महत्या की थी। सत्यदेव खुरी कोर्ट में स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी थे। उनकी शादी करीब आठ महीने पहले आरती तिवारी के साथ हुई थी। आरती की ये दूसरी शादी थी और उसके दो बच्चे भी थे। पति सत्यदेव के आत्महत्या करने के दो दिन बाद आरती ने अपनी 13 वर्षीय बेटी दिव्या और 12 वर्षीय बेटे दिव्यांश के साथ जहर खा लिया। तीनों को गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया गया था, जहां इलाज के दौरान आरती की मौत हो गई, वहीं दोनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।
बताया गया है कि शादी के आठ महीने में ही आरती और सत्यदेव के बीच विवाद होने लगे थे। घरेलू विवाद इस कदर बढ़े कि आवेश में आकर सत्यदेव ने जहर खा लिया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मौत हो गई। अब आरती और उसके बच्चों के जहर खाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के घर को सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार परिवार के अन्य सदस्य सत्यदेव की अस्थि विसर्जन के लिए बाहर गए हुए हैं। लौटने के बाद पूछताछ की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरती ने बच्चों को जहर खुद खिलाया या बच्चों ने भी स्वेच्छा से जहर लिया। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे क्या वजह थी इसकी गहन छानबीन की जा रही है।
आरती की पहली शादी सत्यदेव तिवारी के चचेरे भाई के साथ हुई थी। करीब दो साल पहले पहले पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद आरती की शादी पहले पति के चचेरे भाई सत्यदेव से दूसरी शादी हुई, लेकिन शादी के महज 8 महीने बाद ही सत्यदेव ने भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। अब आरती ने जहर खाकर आत्महत्या की है, जबकि बच्चे अस्पताल में मौत और जिंदगी के बीच झूल रहे हैं।