सागर

विवादों में घिरा सागर की महिला पार्षद पति का जन्मदिन, तलवार से केक काटते वीडियो वायरल

Councilor Husband Birthday Controversy : भाजपा पार्षद किश्वर खान के पति रशीद उर्फ बबलू कमानी ने अपने जन्मदिन पर तलवार से केक काटा। अपने सोशल मीडिया पर उठ रहे कानून व्यवस्था पर सवाल।
2 min read
Jul 02, 2026
Councilor Husband Birthday Controversy
Councilor Husband Birthday Controversy (विवादों में घिरा महिला पार्षद पति का जन्मदिन Photo Source- Video Screenshot)

Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर शहर के शुक्रवारी वार्ड से भाजपा की पार्षद किश्वर खान के पति रशीद उर्फ बबलू कमानी का जन्मदिन समारोह विवादों में घिर गया है। सार्वजनिक क्षेत्र में तलवार लहराने और उसी तलवार से केक काटते हुए उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सार्वजनिक स्थान पर हथियार प्रदर्शन को लेकर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

बता दें कि, रशीद उर्फ बबलू कमानी के जन्मदिन पर देर रात सड़क पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक जमा हुए। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि, कभी वो हाथ से तलवार लहरा रहे हैं तो कुछ देर बाद उसी तलवार से अपने जन्मदिन पर केक काटते नजर आ रहे हैं। खास बात ये है कि, इस दौरान कांग्रेस से पार्षद वसीम खान भी उनके साथ मौजूद नजर आए। आयोजन का यह तरीका अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।

बर्थडे पार्टी का वीडियो वायरल

सार्वजनिक स्थल पर खुले आम हथियार प्रदर्शन और उसके साथ जश्न मनाने की घटना ने प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे भौकाल बताते हुए तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

पार्षद पति का विवादित अतीत

बबलू कमानी पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। पीली कोठी कमेटी के अध्यक्ष बादशाह खान हत्याकांड में उनका नाम सामने आने के बाद वे लंबे समय तक जेल में रह चुके हैं। हालिया वीडियो के बाद पुराने विवाद एक बार फिर ताजा हो गए हैं और उनकी छवि पर नए सवाल खड़े हो रहे हैं।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

फिलहाल पुलिस ने इस वीडियो के आधार पर कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया है, सार्वजनिक स्थान पर हथियार प्रदर्शन के मामले में वैधानिक कार्रवाई संभव है। दूसरी ओर, अनुशासन की बात करने वाली भाजपा पार्टी अब अपने स्थानीय पार्षद और उनके परिवार पर क्या कार्रवाई करती है, यह देखने वाली बात होगी।

शहर में जारी बहस

यह घटना सागर शहर में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। आम नागरिकों का कहना है कि नेता और उनके परिजनों को कानून का सम्मान करना चाहिए। ऐसे आयोजनों से युवाओं पर क्या प्रभाव पड़ता है, इस पर भी चिंता जताई जा रही है। मामले पर आगे की पुलिस कार्रवाई और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Published on:
02 Jul 2026 02:31 pm