सागर

डकैती की साजिश रच रहे पांच आरोपी गिरफ्तार, सराफा दुकान और पेट्रोल पंप था निशाने पर

आरोपियों से चाकू, हाइड्रोलिक कटर, मिर्च पाउडर सहित अन्य सामान जब्त, पूछताछ में अन्य मामले भी आ सकते हैं सामने।

2 min read
Jun 12, 2026
Five accused arrested for plotting a robbery; a jewelry shop and a petrol pump were the targets.
पुलिस गिरफ्त में आरोपी। फोटो-​पत्रिका

बीना. पुलिस ने डकैती की साजिश रच रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात टाल दी। पुलिस ने मालखेड़ी रोड स्थित अनिल इंडस्ट्रीज के सामने खाली प्लॉट से आरोपियों को संदेह के आधार पर पकड़ा था। पूछताछ में आरोपियों ने सोनिया ज्वेलर्स और शाह पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई उपकरण भी बरामद किए हैं।
एसडीओपी अजय कुमार सनकत ने बताया कि 10 जून को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मालखेड़ी रोड पर डकैती की साजिश रच रहे हैं। मौके पर पहुंचकर दबिश दी, तो वहां पांच लोग झुंड बनाकर बैठे मिले, जिन्होंने सोनिया ज्वेलर्स व शाह पेट्रोल पंप पर डकैती को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से लखा सिंह पिता राजा पारदी (22) निवासी मुरातपुर, थाना धरनावदा, जिला गुना, नंदू उर्फ नंदकिशोर पिता उम्मेद सिंह पारदी (39) निवासी ग्राम केनरा, थाना धरनावदा, जिला गुना, तारा सिंह पिता बनारस पारदी (19) निवासी ग्राम मुरातपुर, थाना धरनावदा, जिला गुना, गजराज सिंह पिता ज्वाला सिंह पारदी (22) निवासी ग्राम मुरातपुर, थाना धरनावदा जिला गुना और कुलदीप पिता सैंसन मोगिया, (20) निवासी ग्राम सेबड़ा, थाना सुभाषपुरा, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, एसआई लखन राज, आरके जोरम, जय सिंह, एएसआई शिखचरंद, प्रधान आरक्षक संजय बेन, आरक्षक प्रेमजीत सिंह, अजय कुमार, अनिल जाटव, दीप सिंह, जितेन्द्र चंद्रवंशी, युधिष्ठिर, बाबूलाल, प्रमोद, नीरज सिंह, संदीप यादव व नरेंद्र की अहम भूमिका रही।

आरोपियों के पास से सामान हुआ जब्त
पुलिस ने लखा पारदी से एक चाकू, एक गुलेल तथा पत्थरों के टुकड़े, कुलदीप मोगिया से थैले में गुलेल और मिर्च पाउडर, नंदकिशोर के थैले में गुलेल, पेचकस, कील निकालने का पाना और गमछा, तारा सिंह से थैले में दो पेचकस, कील निकालने का पाना, हाइड्रोलिक कटर, गमछा व गजराज से हाइड्रोलिक कटर, पेचकस व गमछा जब्त किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह ज्वेलर्स और पेट्रोल पंप पर डकैती की योजना बना रहे थे। यदि पुलिस सतर्क नहीं होती, तो आरोपी घटना को अंजाम देने में सफल हो जाते। पुलिस आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 310(4) एवं 310(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

Published on:
12 Jun 2026 11:59 am