
तहसीलदार को ज्ञापन और सूची सौंपते हुए। फोटो-पत्रिका
बीना. विधानसभा क्षेत्र में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए एसआईआर के बाद जारी हुई सूची और मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूचियों में हजारों मतदाताओं का अंतर सामने आया है। कांग्रेस ने तहसीलदार डॉ. अंबर पंथी को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूचियों का नामवार और डिजिटल मिलान कराने व वास्तविक मतदाता संख्या सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
कांग्रेस विधानसभा सह-प्रभारी महेंद्र कुमार नवैया के नेतृत्व में एसआईआर के दौरान मतदाता सूचियों का बूथवार, क्षेत्रवार एवं संख्यात्मक अध्ययन किया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में विधानसभा में कुल 1 लाख 91 हजार 309 मतदाता दर्ज थे। एसआईआर के बाद जारी सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या घटकर 93,861 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 83 हजार 449 रह गई और कुल मतदाता संख्या घटकर 1 लाख 77 हजार 310 हो गई। वर्ष 2025 की सूची की और एसआईआर के बाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 13 हजार 999 मतदाता कम हुए हैं। दूसरी ओर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीन मतदाता सूची में 97 हजार 434 पुरुष, 88 हजार 747 महिला तथा 4 अन्य मतदाता सहित कुल 1 लाख 86 हजार 185 मतदाता दर्शाए गए हैं। इस प्रकार भारत निर्वाचन आयोग की एसआईआर के बाद जारी सूची और राज्य निर्वाचन आयोग की नवीन सूची के बीच ही कुल 8 हजार 875 मतदाताओं का अंतर सामने आ रहा है। इस अंतर की जांच की मांग की गई है। सूची के सत्यापन कार्य में मप्र पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के स्टेट कोऑर्डिनेटर देवेंद्र कुशवाहा और एड. उमा महेंद्र कुमार नवैया का भी सहयोग रहा।
नगर पालिका क्षेत्र में सबसे ज्यादा विसंगति
नवैया ने बताया कि सबसे गंभीर स्थिति नगर पालिका क्षेत्र की मतदाता सूचियों में सामने आई है। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की प्रारंभिक सूची में बीना नगर पालिका क्षेत्र में 26 हजार 862 पुरुष, 26 हजार 30 महिला तथा 3 अन्य मतदाता दर्शाए गए थे। इसके बाद दावा-आपत्ति के लिए जारी सूची में कुल मतदाता संख्या 56 हजार 419 बताई गई है। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग की सूची में कुल 46 हजार 480 मतदाता दर्ज हैं, जिससे आंकड़ों के बीच 9 हजार 939 मतदाताओं का अंतर सामने आया। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी दोनों सूचियों के बीच 6 हजार 415 मतदाताओं का अंतर बना हुआ है।
दो पंचायतों के 1954 मतदाताओं की स्थिति अस्पष्ट
वर्ष 2025 की मतदाता सूची में कन्नाखेड़ी एवं करमपुर पंचायतों के कुल 1 हजार 954 मतदाता शामिल थे और वर्ष 2026 की उपलब्ध मतदाता सूची में इन दोनों पंचायतों को शामिल नहीं किया गया है।
कराई जाएगी जांच
मतदाता सूचियों में मतदाता संख्या में आए अंतर की शिकायत मिली है, उसकी जांच कराने के लिए सीएमओ, जनपद पंचायत सीइओ को पत्र लिखकर जांच लिखे गए हैं।
डॉ. अंबर पंथी, तहसीलदार, बीना
Updated on:
26 Jul 2026 11:55 am
Published on:
26 Jul 2026 11:55 am
