सागर

सागर में होटल स्मार्ट बार के कमरे में मृत मिला युवक, दो दिन से होटल में रुका था

Hotel Room Death: मृतक की पहचान शुभम अग्रवाल (32) निवासी रामबाग बड़ा बाजार के तौर पर हुई है, कमरे से दुर्गंध आने पर कर्मचारियों ने पुलिस को दी थी सूचना।
2 min read
Sep 24, 2026
sagar shubham agrawal
hotel room death youth shubham agrawal, मृतक शुभम अग्रवाल का जीवित अवस्था का फोटो (Source-Patrika)

Sagar Hotel Room Death: मध्यप्रदेश के सागर में कोतवाली थाना क्षेत्र की एक होटल के कमरे में गुरुवार को युवक का शव मिला है। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी थी। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान रामबाग बड़ा बाजार के रहने वाले शुभम अग्रवाल के तौर पर हुई है।

दो दिन पहले होटल में आकर रुका था

सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल स्मार्ट बार में कमरे से दुर्गंध आने पर सुबह करीब 4 बजे कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में युवक मृत हालत में मिला। युवक की पहचान शुभम अग्रवाल (32) निवासी रामबाग बड़ा बाजार के तौर पर हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक शव करीब दो दिन पुराना होने की आशंका है। दोपहर बार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक के परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक शुभम अग्रवाल के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि शुभम के शव पर चोटों के निशान दिखाई दिए हैं। उनका यह भी दावा है कि शुभम के पास करीब 1 लाख 70 हजार रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल और एक चार पहिया वाहन की चाबी थी, जो अब गायब बैं। इन परिस्थितियों के चलते परिजनों ने होटल में ही युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

परिजनों ने किया प्रदर्शन

पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे, तभी मोतीनगर थाना क्षेत्र के चौराहे के पास उन्होंने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। परिजनों का आरोप है कि अगर शुभम करीब दो दिन से होटल में ठहरा था और पुलिस के अनुसार शव भी करीब दो दिन पुराना है, तो इतने समय तक होटल स्टाफ कमरे में क्यों नहीं पहुंचा। मामले में सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
24 Sept 2026 04:32 pm
Published on:
24 Sept 2026 04:06 pm