सागर

सागर में अब शराब खरीदने के नियमों में बदलाव, 3 तरह के लोगों नहीं दी जाएगी शराब

Liquor shops New rules: मध्य प्रदेश के सागर में शराब दुकानों को लेकर आबकारी विभाग ने नए निर्देश जारी किए हैं। अब बीमार, बुजुर्ग और कमजोर लोगों को शराब नहीं बेची जाएगी।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 10:28 AM IST
liquor shops new rules no alcohol sick elderly people
Liquor shops New rules: सागर में 3 तरह के लोगों नहीं दी जाएगी शराब (फोटो सोर्स- Magnific)

Liquor shops New rules: लाइसेंसी दुकान पर शराब पीकर मौतों के बाद आबकारी विभाग ने विवाद से बचने के प्रयास शुरू कर दिए है। लाइसेंसी ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि दुकान से बीमार, बुजुर्ग और अत्याधिक कमजोर दिखने वालों को शराब नहीं बेची जाए। यही नहीं, विभाग उन लोगों की सूची भी तैयार कर रहा है जो रोज या दिन में कई बार शराब खरीदने पहुंचते हैं।

शराब दुकान पर हुई मौत के बाद एक जागा प्रशासन

मध्य प्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र की मछरयाई शराब दुकान पर विष्णु खटीक की जान चली गई थी। उसे पीलिया ग्रसित बताया गया, साथ ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया गया। इसके चलते अब ऐहतियात बरतने के नाम पर प्रतिबंध के निर्देश दिए गए है। रविवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने जिले की 56 शराब दुकानों की जांच की। इस दौरान दुकानदारों से रोजाना शराब खरीदने आने वाले लोगों की सूची मांगी गई।

बीमार या कमजोर व्यक्ति पहुंचे तो देनी होगी सूचना

आबकारी विभाग ने दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि यदि कोई बीमार, वृद्ध या अत्यधिक कमजोर व्यक्ति शराब खरीदने पहुंचता है तो उसे शराब नहीं दी जाए। ऐसी स्थिति में तत्काल आबकारी विभाग और पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया है। विभाग ने दुकानदारों से रोजाना शराब खरीदने आने वाले ग्राहकों की सूची भी मांगी है। इस निर्देश के जरिए नियमित शराब खरीदने वालों पर निगरानी रखने की व्यवस्था की जा रही है।

दुकान के आसपास शराब पीने पर रोक, चखना पॉइंट हटाने व सफाई के निर्देश

आबकारी विभाग ने दुकानदारों को निर्देश दिए है कि दुकान से केवल शराब की बिक्री की जाए। आसपास संचालित चखना पॉइंट हटाए जाएं और शराब खरीदने के बाद ग्राहक दुकान के आसपास बैठकर शराब न पिएं। इसकी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदारों की होगी। कुछ दुकानों के आसपास गंदगी मिलने पर ठेकेदारों को सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही रेट लिस्ट प्रदर्शित करने और साफ-सफाई बनाए रखने की हिदायत दी गई।

स्टॉक, परमिट व बिक्री के दस्तावेज का किया मिलान

रविवार सुबह आबकारी विभाग की टीमें सबसे पहले मोतीनगर क्षेत्र और शहर की शराब दुकानों पर पहुंचीं। सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय ने टीम के साथ धर्मश्री, मछरयाई, सिविल लाइन और तिली क्षेत्र की दुकानों की जांच की। इसके बाद देवरी, खुरई, बीना, बंडा और रहली सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में संचालित दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दुकानों में उपलब्ध शराब की मात्रा का रिकॉर्ड से मिलान किया गया। स्टॉक रजिस्टर, परमिट और बिक्री के दस्तावेजों की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों को भी जांचा गया। विभाग के अनुसार जांच में शराब के स्टॉक और दस्तावेजों में कोई संदिग्ध गड़बड़ी नहीं मिली।

शराब दुकानों से मांगी गई है सूची- सहायक आबकारी आयुक्त

हाल में हुई मौत के बाद सामने आया कि बीमारी के बाद भी लोग अत्यधिक शराब का सेवन कर रहे है। इसलिए ऐसे मामले सामने आए, इस वजह से शराब दुकानदारों से नियमित शराब पीने वालों की सूची मांगी गई है, साथ ही बीमार, बुजुर्ग व कमजोर व्यक्तियों को शराब न देने के लिए कहा गया है।- वंदना पांडेय, सहायक आबकारी आयुक्त, सागर

Updated on:
16 Nov 2026, 10:28 AM IST
Published on: