
Sagar Woman Alleges Marriage Promise: मध्यप्रदेश के सागर के रहने वाले एक युवक पर भोपाल की रहने वाली युवती ने शारीरिक शोषण के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। युवती ने भोपाल में शिकायत दर्ज कराई थी और इसके बाद जब पुलिस के साथ सागर में प्रेमी के घर पहुंची तो वहां पर ताला लगा मिला। प्रेमी के घर पर ताला लगा मिलने के बाद पीड़िता सागर में एसपी कार्यालय पहुंची और शिकायत की। पीड़िता के मुताबिक दोनों की पहचान एक मेट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी।
भोपाल की रहने वाली 35 वर्षीय पीड़िता ने सागर के परकोटा निवासी श्रेयस शांडिल्य पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार उसकी जान-पहचान श्रेयस से वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन और सोशल मीडिया पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। इसके बाद श्रेयस ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के मुताबिक कुछ समय बाद वो जब भी श्रेयस से शादी करने की बात कहती तो श्रेयस कुछ न कुछ बहाना बनाकर टाल देता। जुलाई 2025 तक वह पारिवारिक उलझनों का हवाला देता रहा और फिर 14 जनवरी को उसका नंबर और सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स ब्लॉक कर दिए।
पीड़िता ने पहले भोपाल के महिला थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। इसके बाद वह खुद सागर पहुंची और स्थानीय पुलिस टीम के साथ आरोपी श्रेयस के घर पर भी दबिश दी, लेकिन वहां ताला लगा मिला और कोई सुराग नहीं लगा। खाली हाथ लौटने के बजाय पीड़िता ने सीधे एसपी कार्यालय पहुंचकर एक लिखित आवेदन सौंपा है, जिसमें आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।