MLA Nirmala Sapre: दल-बदल की राजनीति के चलते सुर्खियों में रहने वाली महिला विधायक निर्मला सप्रे ने कहा- '300 करोड़ रुपये दो और बीना को जिला बना दो कांग्रेस में शामिल हो जाऊंगी'।
MLA Nirmala Sapre: मध्यप्रदेश के सागर जिले की बीना विधानसभा सीट से विधायक निर्मला सप्रे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनके सुर्खियों में रहने की वजह उनके द्वारा कांग्रेस पार्टी को दिया गया एक बड़ा ऑफर है। जिसमें निर्मला सप्रे ने साफ-साफ लफ्जों में कहा है कि मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार उन्हें 300 करोड़ रुपये दें और बीना को जिला बना दें तो वो कांग्रेस में शामिल हो जाएंगी। इसके साथ ही निर्मला सप्रे ने कोर्ट में लंबित अपनी सदस्यता रद्द मामले को लेकर ये भी कहा है कि कोर्ट जहां बोलेगा मैं उस पार्टी में चली जाऊंगी।
निर्मला सप्रे ने अपनी रणनीति बताते हुए कहा है कि भाजपा हो या कांग्रेस, जो भी पार्टी उन्हें आमंत्रित करती है, वे उसके कार्यक्रम में शामिल होने चली जाती हैं। विकास कार्यों के लिए दो साल में मैंने 300 करोड़ रुपए के काम कराए हैं। अगर उमंग सिंघार बीना को जिला बनाकर यह राशि भी देते हैं तो कांग्रेस जॉइन करने में मुझे कोई दिक्कत नहीं है। सप्रे ने कहा कि उनका स्टैंड बिल्कुल साफ है। चाहे कितनी भी कोर्ट-कचहरी करनी पड़े, बीना को जिला बनाए बिना वह नहीं मानेंगी। उन्होंने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से भी सहयोग की अपेक्षा जताई ताकि बीना को जल्द जिला का दर्जा मिल सके। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि जनता ने अपना फैसला दे दिया है, अब कोर्ट जो तय करेगा, वही मंजूर होगा। कोर्ट जहां बोलेगा, मैं उसी पार्टी में चली जाऊंगी।
दरअसल निर्मला सप्रे कांग्रेस की टिकट पर बीना विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बनी थीं लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी लाइन से हटकर भाजपा का समर्थन करना शुरु कर दिया। वो लगातार भाजपा की गतिविधियों में सक्रियता दिखा रही हैं। कांग्रेस ने दल-बदल के कारण निर्मला सप्रे की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की लेकिन जब कोई हल नहीं निकला तो कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। सिंघार ने याचिका में मांग की है कि निर्मला सप्रे की विधायकी को तुरंत शून्य (रद्द) घोषित किया जाए, उनकी दलील है कि दल बदलने के बाद सप्रे को विधायक बने रहने का हक नहीं है। मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। यहां ये भी बता दें कि 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार निर्मला सप्रे (Nirmla Sapre) ने बीना (सुरक्षित) विधानसभा सीट से भाजपा के मौजूदा विधायक महेश राय (Mahesh Rai) को 6 हजार 155 वोटों से हराया था