MP News: पीड़ित युवक का आरोप- भाजपा विधायक की बेटी ने गाली-गलौच करते हुए कहा- मेरे पापा के खिलाफ काम करते हो और जूते से मारा।
MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले में भाजपा विधायक की बेटी की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। भाजपा विधायक की बेटी पर आरोप है कि उसने एक युवक को बुलाकर बीच सड़क पर पहले तो उसके साथ गाली-गलौच की और फिर जूते से मारपीट की। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पूरी घटना कैद हुई है। पीड़ित युवक ने भाजपा विधायक की बेटी पर मारपीट करने के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायती आवेदन भी दिया है, उसका ये भी आरोप है कि क्योंकि मामला भाजपा विधायक से जुड़ा हुआ है इसलिए पुलिस कार्रवाई में देरी कर रही है।
सागर जिले की देवरी विधानसभा से भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया पर गौरझामर थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव के रहने वाले युवक राजेश शर्मा के साथ मारपीट के आरोप लगे हैं। घटना 13 अप्रैल सोमवार की है, पीड़ित राजेश शर्मा के मुताबिक वो सोमवार को गौरझामर क्षेत्र में एक बैंक में गया था। इसी दौरान उसे भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया ने बैंक से बाहर बुलवाया और जब कार में बैठी प्रियंका पटेरिया के पास पहुंचा तो प्रियंका ने गालियां देनी शुरू कर दीं। उसने कारण पूछा तो उसे जूते से पीटा और कहा कि तुम मेरे पापा के खिलाफ काम कर रहे हो तुम्हारी इतनी हिम्मत।
भाजपा विधायक की बेटी के द्वारा पीड़ित युवक के साथ मारपीट किए जाने की घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और इसका वीडियो तेजी से वायरल भी हो रहा है। इधर पीड़ित युवक ने मारपीट की घटना की शिकायत लिखित में गौरझामर पुलिस थाने में की है, लेकिन उसका आरोप है कि प्रभावशील लोगों से मामला जुड़ा होने के कारण पुलिस कार्रवाई में देरी कर रही है। वहीं पुलिस ने शिकायती आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
पीड़ित युवक राजेश शर्मा जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया के साथ रहते हैं, जो विधायक बृजबिहारी पटेरिया के सगे भतीजे हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज हुई है या नहीं ये स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।