MP News: 22 वर्षीय नवविवाहिता ने इंस्टाग्राम पर लाइव कर पूर्व प्रेमी पर लगाया बदनाम करने का आरोप लगाया और फिर आत्महत्या कर ली।
MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले नवविवाहिता ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि उसके पूर्व प्रेमी गब्बर ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। शादी के बाद गब्बर ने पति को उसके निजी और आपत्तिजनक वीडियो और फोटो भेजे हैं जिससे कारण उसका वैवाहिक जीवन पूरी तरह से बर्बाद हो गया है।
सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नवविवाहिता की शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी। नवविवाहिता कुछ दिन पहले ही अपने मायके आई थी और वहीं पर आत्महत्या कर ली। नविवाहिता ने आत्महत्या करने से पहले इंस्टाग्राम पर लाइव आकर एक वीडियो बनाया जिसमें वो अपने पूर्व प्रेमी पर गंभीर आरोप लगा रही। बताया गया है कि नवविवाहिता का शादी से पहले गब्बर नाम के युवक से प्रेम संबंध था और शादी के बाद भी गब्बर नवविवाहिता को परेशान कर रहा था।
जो वीडियो युवती के सोशल मीडिया पर मिला है उसमें वो कह रही है गब्बर तुमने मुझे बदनाम कर दिया है। उसने आगे कहा कि आरोपी उसे लंबे समय से पुराने संबंधों को लेकर ब्लैकमेल और प्रताड़ित कर रहा था, इतना ही नहीं उसके निजी और प्राइवेट फोटो वीडियो और जानकारी पति तक पहुंचा दी है। जिसके कारण उसका वैवाहिक जीवन पूरी तरह से टूट गया है। नवविवाहिता ने साफ तौर पर ये भी कहा कि वो अब ये मानसिक तनाव नहीं झेल पा रही है इसके कारण अपनी जान दे रही है।
रात में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली लेकिन परिजनों को इसके बारे में दूसरे दिन सुबह पता चला। जब परिजन नवविवाहिता के कमरे में पहुंचे तो उसे फांसी के फंदे पर देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। मृतका के पिता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी युवक उनकी बेटी का अश्लील वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता था। आरोपी ने बेटी का लंबे समय तक शारीरिक शोषण भी किया। पिता ने पुलिस से आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।