mp news: वारदात की दो वजह आ रहीं सामने, पहली- हर्ष फायर में गोली लगना और दूसरी राई धुन न बजाने पर गोली मारना, पुलिस जांच जारी।
mp news: मध्यप्रदेश के सागर में गुरुवार रात एक शादी समारोह में उस वक्त हड़कंप मच गया जब नाच रहे बारातियों के बीच गोली चल गई। गोली बैंड बजा रहे 15 वर्षीय युवक के सीने में लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। गोली चलने को लेकर दो कहानियां सामने आई हैं। पहली है कि हर्ष फायरिंग की गोली बैंड बजा रहे युवक को लगी है तो वहीं दूसरी कहानी के मुताबिक राई धुन न बजाने पर युवक को गोली मारी गई है। पुलिस दोनों ही एंगल से मामले की जांच कर रही है।
सागर के मोतीनगर स्थित सरोज मैरिज गार्डन में सोनी परिवार का विवाह समारोह चल रहा था। बारात गार्डन की ओर आगे बढ़ रही थी और बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई और बैंड बजा रहा 15 वर्षीय युवक गिर पड़ा। गोली उसके सीने में लगी थी और खून निकल रहा था। युवक को गोली लगी देख नाच रहे बारातियों में भगदड़ मच गई और कई बाराती भाग गए। घायल हालत में विवेक को उठाकर कुछ लोग अस्पताल लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
गोली कैसे चली फिलहाल ये साफ नहीं हो पाया है। घटना को लेकर दो कहानियां सामने आई हैं। पहली में हर्ष फायर में गोली चलने और बैंड बजा रहे युवक विवेक बंसल को लगना सामने आ रहा है तो वहीं दूसरी में बताया जा रहा है कि बैंड पर राई धुन न बजाने को लेकर विवेक को गोली मारी गई है। मौके पर मौजूद लोगों ने फायरिंग करने वाले एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। उसका एक साथी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर वारदात और आरोपी के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है।