
शराब दुकान में ताड़फोड़ करती हुईं महिलाएं। फोटो-पत्रिका
बीना. खुरई के तलैया नाका क्षेत्र की शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर वार्डवासी करीब डेढ़ माह से ज्ञापन सौंप रहे थे और प्रदर्शन भी किया था। जिसपर अधिकारियों ने दुकान हटाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन नया टेंडर होने के बाद शनिवार को जैसे ही दुकान खुली, तो आक्रोशित वार्डवासियों ने चक्काजाम कर दिया और फिर महिलाओं ने दुकान पर पथराव कर ताड़फोड़ कर दी। शराब की पेटियां बाहर फेंककर आग लगा दी। इस दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई, जिसमें हल्का बल प्रयोग किया गया।
जानकारी के अनुसार दुकान हटाने की मांग को लेकर बीस दिन पहले वार्डवासियों ने चक्काजाम किया था और इसके बाद आबकारी, राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर वार्डवासियों को आश्वासन दिया था कि दुकान हटा दी जाएगी। इसके लिए कई बार ज्ञापन भी सौंपे गए थे। नया टेंडर होने के बाद तीन दिन से वार्डवासी दुकान नहीं खुलने दे रहे थे, लेकिन शनिवार दोपहर 2 बजे दुकान खोल दी गई और इसकी सूचना मिलते ही वार्डवासियों ने झंडा चौक से घोरट जाने वाले रास्ते पर चक्काजाम कर दिया। इसके बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई, तो महिलाएं एकत्रित होकर दुकान के पास पहुंची और पथराव शुरू करते हुए दुकान में ताड़फोड़ कर दी। मौके पर शहरी और ग्रामीण पुलिस थाना से फोर्स पहुंची थी। पुलिस ने महिलाओं को रोकने का प्रयास किया, तो झड़प हो गई और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, लेकिन महिलाओं का आक्रोश शांत नहीं हुआ। उन्होंने शराब दुकान और बाजू में बनी की एक चद्दर की दुकान में रखी शराब पेटियों को बाहर फेंक दिया। इसके बाद बोतले एकत्रित कर आग लगा दी। करीब एक घंटे तक दुकान पर हंगामा चलता रहा। मौके पर एसडीएम मनोज चौरसिया, एसडीओपी, थाना प्रभारी योगेन्द्र दांगी, संतोष दांगी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे थे।
दुकान में रखे फ्रिज, एसी तोड़े
जानकारी के अनुसार दुकान में करीब बीस पेटी शराब थी। इसके साथ ही फ्रिज, एसी सहित अन्य सामान रखा था वह भी तोड़ दिया गया, जिससे ठेकेदार को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।
प्रशासन की लापरवाही आई सामने
डेढ़ माह से लोग दुकान हटाने की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई करने की जगह सिर्फ आश्वासन दिया। यदि पहले ही कार्रवाई हो गई होती, तो वार्डवासियों का आक्रोश नहीं भडक़ता।
लोग शराब के बोतले लूटते आए नजर
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने शराब की पेटियां बाहर फेंक दी थी और वहां मौजूद कुछ लोग बोतलों को उठाकर ले गए। इसमें ऐसे भी लोग थे, जो प्रदर्शन में शामिल थे।
Published on:
05 Apr 2026 11:48 am
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
