
Indian Railway:एमपी के बीना जंक्शन पर चल रहा यार्ड रिमॉडलिंग कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। रेलवे बोर्ड से अंतिम स्वीकृति मिलते ही अगले 10 दिनों में 65 दिनों का प्री-प्रीएनआइ, प्रीएनआइ और एनआई ब्लॉक शुरू होने की संभावना है। इस दौरान 344 ट्रेनें प्रभावित होंगी, 212 ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा और 16 ट्रेनों के 170 ट्रिप पूरी तरह निरस्त रहेंगे। कई प्रमुख एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। रेलवे के इस मेगा ब्लॉक से हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
बीना जंक्शन पर यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य रेलवे की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है। कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में ट्रेनों का संचालन अधिक सुगम होगा। हालांकि निर्माण कार्य के दौरान रेलवे ने व्यापक स्तर पर ट्रेन संचालन में बदलाव का निर्णय लिया है।
मेगा ब्लॉक के चलते 12197 भोपाल-ग्वालियर, 12198 ग्वालियर-भोपाल एक्सप्रेस 15 दिन, 11086 ग्वालियर-बैंगलुरु, 11085 बैंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस तीन दिन, 11611 बीना-रुठियाई, 11612 रुठियाई-बीना मेमू 17 ट्रिप, 61625 बीना-रुठियाई, 61626 रुतियाई-बीना मेमू 16 ट्रिप. 61619 बीना-कटनी मुड़वारा मेमू, 61620 कटनी मुड़वारा-बीना मेमू 16 ट्रिप, 22169 संतरागाछी एक्सप्रेस व 22170 संतरागाछी एक्सप्रेस एक-एक दिन, 22161 दमोह-भोपाल राज्यरानी एक्सप्रेस व 22162 भोपाल-दमोह राज्यरानी सात-सात दिन, 64618 ललितपुर-बीना, 64617 बीना-ललितपुर मेमू सात-सात दिन निरस्त रहेंगी, इनमें कुल 16 ट्रेन के कुल 170 टिप निरस्त रहेंगे।
राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में रेल मंत्रालय द्वारा जानकारी दी गई है कि एमपी में सवा तीन साल (1 अप्रैल 2023 से 30 जून 2026) के दौरान रेलवे ने 33 नई ट्रेनें शुरू की हैं। जिसमें भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन से 5 नई ट्रेनें शुरू की गईं। इनमें हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति वंदे भारत, रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत, भोपाल-रीवा एक्सप्रेस, भोपाल-चोपन एक्सप्रेस और भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस शामिल हैं। संस्कारधानी जबलपुर और ग्वालियर को 4-4 नई ट्रेनों की सौगात मिली।
जबलपुर से जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, जबलपुर-पुणे एक्सप्रेस, जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस और जबलपुर-गोंदिया पैसेंजर शुरू की गईं। वहीं ग्वालियर से हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत, एसएमवीटी बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस और ग्वालियर-इटावा मेमू के साथ ग्वालियर-सुमावली के बीच तीन मेमू ट्रेनें संचालित की गईं।