सागर

धर्म परिवर्तन के शक में खुरई के कॉन्वेंट स्कूल में बवाल, हिंदू संगठनों ने जमकर किया हंगामा

Convent School : परिसर में 120 से अधिक बिस्तर मिलने पर भड़के हिन्दू संगठन। पुलिस ने संभाला मोर्चा, प्रबंधन और कार्यक्रम में आए लोगों के दावे अलग-अलग।
2 min read
Aug 08, 2026
Convent School
Convent School (धर्म परिवर्तन के शक में कॉन्वेंट स्कूल में बवाल Photo Source- Input)

Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई शहर के अंतर्गत आने वाले बीना रोड पर स्थित होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार शाम धर्म परिवर्तन की आशंका को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही विश्व हिन्दू परिषद समेत विभिन्न हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और परिसर में प्रवेश की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। बढ़ते विवाद के बीच खुरई, बीना, खिमलासा समेत आसपास के थानों से पुलिस बल बुलाना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, देर रात तक यहां हिंदू संगठनों का प्रदर्शन जारी रहा और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे लोगों को सूचना मिली कि, होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में हिन्दू परिवार मौजूद हैं, क्योंकि वहां धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उनका दावा है कि, परिसर के अंदर करीब 120 बिस्तर लगे मिले तथा वहां उड़ीसा, बिहार और झारखंड से आए पुरुष, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे।

लोगों ने उठाए सवाल

Convent School (धर्म परिवर्तन के शक में कॉन्वेंट स्कूल में बवाल Photo Source- Input)

हिन्दू संगठनों का आरोप है कि, इन लोगों को धर्म परिवर्तन के उद्देश्य से यहां लाया गया था। वहीं, कार्यक्रम में शामिल लोगों का कहना था कि, वो एक धार्मिक दीक्षा कार्यक्रम में भाग लेने आए हैं। इसको लेकर मौके पर मौजूद लोगों ने सवाल उठाए कि, अगर सभी परिवार हिन्दू हैं तो वो किस प्रकार के दीक्षा कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं।

इस बात पर बढ़ा संदेह

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि, उनके पहुंचते ही स्कूल प्रबंधन ने मुख्य गेट बंद कर दिया, जिससे संदेह और बढ़ गया। प्रदर्शन तेज होने पर बीना एसडीओपी अजय कुमार सनकत, खुरई ग्रामीण थाना प्रभारी संतोष सिंह दांगी, शहर थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह दांगी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

गलत नहीं तो अंदर जाने से क्यों रोका

Convent School (धर्म परिवर्तन के शक में कॉन्वेंट स्कूल में बवाल Photo Source- Input)

विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि, संगठन को धर्म परिवर्तन की सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि अगर परिसर में कोई गलत गतिविधि नहीं हो रही थी तो प्रवेश से क्यों रोका गया। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित लोगों से पूछताछ कर नियमानुसार जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, हिन्दू संगठन मौके पर मौजूद लोगों से तत्काल पूछताछ और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पर देर रात तक अड़े रहे।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं, मामले को लेकर खुरई बीईओ आरएस शर्मा का कहना है कि, स्कूल प्रबंधन से इस संबंध में चर्चा की गई साथ ही जो लोग वहां मिले हैं उनसे भी बात की है, जिनमें उन्होंने बताया कि वो ईसाई है। इस संबंध में अभी जानकारी ली जा रही है।

Updated on:
08 Aug 2026 07:25 am
Published on:
08 Aug 2026 07:21 am