
Bangladeshi New Route (ग्वालियर से पकड़ाए 13 बांग्लादेशी Photo Source- Patrika)
Gwalior News :मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशियों से पूछताछ में घुसपैठ के नए तरीके और उन्हें भारत लाने वाले एजेंटों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी सामने आई है। एटीएस ने बहोड़ापुर और पुरानी छावनी इलाके से पकड़े गए लोगों को पुलिस लाइन स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा है। यहां ये सभी 30 दिन तक निगरानी में रहेंगे।
इस दौरान पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच कर रही हैं कि, इन लोगों का देश में किसी आपराधिक गतिविधि से तो कोई संबंध तो नहीं है। जांच के बाद उन्हें बांग्लादेश डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एटीएस की पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि, भारत-बांग्लादेश सीमा पर कई एजेंट पैसे लेकर सीमा पार कराते हैं। उनका कहना है कि, सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती के कारण पारंपरिक रास्तों पर निगरानी बढ़ गई है। ऐसे में दलाल अब असम के रास्ते बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में प्रवेश करा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि, इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोग भारत में प्रवेश कर रहे हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि, ग्वालियर में अभी भी कुछ बांग्लादेशी नागरिक पुलिस और खुफिया एजेंसियों की नजर से दूर रह रहे हैं। इनमें महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक होने की आशंका जताई जा रही है। पूछताछ में ये भी जानकारी मिली है कि, कुल दलाल नौकरी, बेहतर रोजगार और घरेलू काम दिलाने का झांसा देकर महिलाओं और युवतियों को अवैध रूप से भारत लाते हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार एटीएस के इनपुट पर बहोड़ापुर और पुरानी छावनी क्षेत्र में कार्रवाई की। युसुफ का परिवार बहोड़ापुर में रह रहा था, जबकि शकील खान का परिवार पुरानी छावनी में मिला। पुरानी छावनी से पहले भी बांग्लादेशी के रहने के मामले सामने आ चुके हैं। जांच में यह भी सामने आया कि बांग्लादेश के ढाका की रहने वाली अंतरा बेगम को दूसरी बार भारत में पकड़ी गई है। उसे पहले भी ग्वालियर से डिपोर्ट किया जा चुका था। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से इन लोगों के सटीक ठिकानों का खुलासा नहीं किया है।
पुलिस ने युसुफ (37) पुत्र अशरफ शेख निवासी जुगनी फसा, फुलतला बांग्लादेश, उसकी पत्नी सलमा सरदार (28) पुत्र हबीबउल्लाह (6) और हुमेर (3), शकील खान (25) पुत्र जखरिया खान निवासी रजमन जैस्मना बांग्लादेश, उसकी पत्नी काजल शेख (20) और पुत्र तल्हा (5), जमाल (38)] पुत्र इंद्ररीश, जुम्मन मुल्ला (17) पुत्र जमाल मुल्ला, रेहान (18) पुत्र सलीम निवासी खुलना बांग्लादेश, उसके साथी मानिक मियां (28) पुत्र अबुल कासफ, नबीर हुसैन पुत्र मोहम्मद मुफलिस निवासी नोरशिंदी बांग्लादेश तथा अंतरा बेगम को हिरासत में लिया गया है।
सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि पकड़े सभी बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस लाइन स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा है। उनके दस्तावेज, पृष्ठभूमि का सत्यापन किया जा रहा है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Updated on:
06 Aug 2026 01:13 pm
Published on:
06 Aug 2026 01:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
