
missing girl recovered live in couple arrested, बच्ची को सकुलश परिजनों को सौंपा (Source-patrika)
Gwalior Missing Girl Recovered: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में रेलवे स्टेशन से अगवा हुई डेढ़ साल की बच्ची को जीआरपी ने सकुशल ढूंढकर परिजनों को सौंप दिया है। रेलवे स्टेशन व शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए पुलिस बच्ची को अगवा करने वाले आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर बच्ची को छुड़ाया। गिरफ्तार किए गए आरोपी लिव-इन कपल हैं जो बच्ची को अपने साथ घर ले गए थे।
घटना 3-4 जुलाई की दरमियानी रात की है, तब बुंदेलखंड एक्सप्रेस में एक महिला अपनी डेढ़ साल की बेटी के साथ सफर कर रही थी। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति महिला की आगे वाली सीट पर आकर बैठा और बातचीत करने लगा। इसी दौरान जब महिला का ध्यान थोड़ा सा भटका तभी मौका पाकर आरोपी व्यक्ति बच्ची को साथ लेकर ट्रेन से उतर गया और भाग गया। बच्ची के गायब होते ही मां ने उसकी तलाश शुरू की और जीआरपी को सूचना दी। इसके बाद जीआरपी ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज देखे तो सीट के आगे बैठा व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाते नजर आया।
जीआरपी ने पुलिस के साथ मिलकर बच्ची की तलाश तेज की। जब पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बच्ची के साथ एक महिला व पुरुष स्कूटी से गांधीनगर इलाके में जाते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने प्रहलाद होटल, गिरनार होटल, बारात घर समेत आसपास के क्षेत्रों के CCTV कैमरों की जांच की तो पता चला कि बच्ची को ले जाते दिख रहा व्यक्ति संजय राय है जो कि गांधीनगर स्थित पीर बाबा की दरगाह के पास स्थित अपार्टमेंट में रहता है। पुलिस व जीआरपी ने अपार्टमेंट में दबिश दी और आरोपियों के चंगुल से बच्ची को सकुशल छुड़ाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। बच्ची को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने घर से संजय राय के साथ ही एक महिला को भी हिरासत में लिया है। दोनों पति-पत्नी नहीं हैं और लिव-इन में रहते थे। दोनों ने बच्ची को अगवा क्यों किया फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। क्या आरोपी इससे पहले भी बच्चों की किडनैपिंग कर चुके हैं इसके बारे में भी पता लगाने की कोशिश पुलिस कर रही है।
Updated on:
05 Aug 2026 05:13 pm
Published on:
05 Aug 2026 05:13 pm
