
Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ में जहरीली शराब से होने वाली मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है। गुरुवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के आइसीयू में भर्ती 2 और मरीजों की मौत हो गई है। इस तरह जहरीली शराब पीकर जान गवाने वालों का आंकड़ा 36 पर पहुंच गया है।
बता दें कि, बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 1 बजे बंडा के गूगरा गांव में रहने वाले धन सिंह पुत्र अजीत लोधी की मौत हो गई। वो 7 सितंबर को बीएमसी में गंभीर हालत में लाए गए थे। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्तिति को देखते हुए सीधे आइसीयू में भर्ती कर उपचार शुरु किया था। बताया जा रहा है कि, तीन दिन बाद आईसीयू में ही इलाके दौरान उसकी मौत हो गई है। मृतक के परिजन का कहना है कि, उनका एक छोटा बेटा है और 11 साल की बच्ची भी है। धन सिंह लोधी की मौत के बाद परिवार सदमे में है।
वहीं, बीएमसी के आइसीयू में ही भर्ती पिपरिया इल्लाई में रहने वाले 24 वर्षीय रुप सिंह पुत्र प्रभु अहिरवार ने भी गुरुवार शाम को दम तोड़ दिया है। वो भी जहरीली शराब पीने के बाद 7 सितंबर को गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लाया गया था। डॉक्टरों ने उसे भी आइसीयू में ही भर्ती कर उपचार शुरु किया था। बताया जा रहा है कि, जहरीली शराब के सेवन के बाद मल्टीऑर्गन फेलियर होने से उनकी मौत हुई है। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि, उसकी हालत इतनी गंभीर थी कि, एक दिन पहले उसका डायलिसिस भी कराया गया था।
दूसरी तरफ सीएम मोहन यादव के सख्त निर्देशों को मद्देजर रखते हुए पुलिस ने शराब त्रासदी को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड के साथ-साथ पूरे नेटवर्क का खुलासा कर लिया है। पुलिस ने थाना बंडा और विनायका में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में अबतक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शराब माफिया नकली शराब तैयार करने, उसकी पैकिंग करने और आसपास के गांवों में सप्लाई करने का नेटवर्क बनाए हुए थे। वारदात के मास्टरमाइंड बरेठी मदिरा दुकान का लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर निवासी बंडा और करणी सेना का संभागीय अध्यक्ष चन्दू उर्फ चन्द्रभान पुत्र द्वारका सिंह राजपूत निवासी ग्राम ततरवारा निकले। उक्त दोनों आरोपी सागर के बंडा क्षेत्र में अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर मक्का के खेत में मशीन लगाकर शराब की पैकिंग व लेबलिंग और फिर वहीं से इलाके में अवैध शराब सप्लाई कर रहे थे।
कार्रवाई में जुटी पुलिस को मक्के के खेत से कुल 164 सागर गोल्ड कंपनी व प्लेन मदिरा के खाली क्वार्टर, 27 लीटर अमानक शराब के साथ क्वार्टर के 170 ढक्कर, 150 लेबल, शराब मापने का यंत्र, मशीन, टैप, ब्लैड, भरने की छोटी-बड़ी दो चुंगी व 11 कार्टून के गत्ता आदि साम्रगी जब्त कर लिए हैं।
इधर, प्रशासन ने गुरुवार को शहर के वार्ड क्रमांक-11 और 12 में रहने वाले आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त कर दिया है। कार्रवाई के दौरान करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू के ततरवारा स्थित मकान, आशीष साहू के मकान और मनीष लोधी के तीन मकानों पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। मनीष लोधी के घर की कार्रवाई के वक्त परिजन और सुरक्षाकर्मियों के बीच मामूली नोंक-झोक भी देखने को मिली।