
सागर में शराब माफियाओं के ठिकानों पर चला बुल्डोजर (फोटो सोर्स: Patrika)
Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में प्रशासन ने गुरुवार को कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से दोषियों पर सख्त कार्रवाई के दिए गए निर्देश दिए जाने के बाद पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर के वार्ड क्रमांक-11 और 12 में रहने वाले आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कारर्वाई करते हुए उन्हें ध्वस्त कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत उर्फ चंदू के ततरवारा स्थित मकान, आशीष साहू के मकान और मनीष लोधी के तीन मकानों पर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। मनीष लोधी के घर की कार्रवाई के वक्त परिजन और सुरक्षाकर्मियों के बीच मामूली नोंक-झोक भी देखने को मिली।
बंडा में अवैध शराब कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपी मनीष, चंद्रभान और आशीष की बेनामी और अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण कर और बिना अनुमति के बनाए गए इन ठिकानों का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों और शराब के भंडारण के लिए किया जा रहा था।
गौरतलब है कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सागर पहुंचकर इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय समीक्षा की थी। इस दौरान प्रशासन को दोषियों के खिलाफ बिना किसी नरमी के सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए थे। इसके बाद से ही जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया और अगले ही दिन आरोपियों के मकान समेत अन्य ठिकाने जमींदोज किए गए हैं।
गुरुवार सुबह से शुरु हुई इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपने घरों की छतों पर खड़े होकर प्रशासनिक कार्रवाई को देखते नजर आए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, अवैध गतिविधियों और जहरीली शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।
Updated on:
10 Sept 2026 04:25 pm
Published on:
10 Sept 2026 04:25 pm
