
केनरा बैंक के सामने वाली क्रासिंग। फोटो-पत्रिका
बीना. स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बनाए गए डिवाइडर के बीच जगह-जगह छोड़ी गईं क्रासिंग हादसों का कारण बन रही हैं। इन क्रासिंग से वाहन चालक मुड़ते हैं, तो दूसरी तरफ सडक़ से तेज गति से आ रहे वाहन चालक टकरा जाते हैं। पिछले माह इसी मार्ग पर एक व्यक्ति की जान भी जा चुकी है, इसके बाद भी यहां ब्रेकर या अन्य तकनीकी सुधार नहीं किए जा रहे हैं।
स्टेशन रोड पर कुछ वर्ष पूर्व डिवाइडर बनाए गए हैं और इसमें जगह-जगह क्रासिंग छोड़ी गई हैं, जो हादसों का कारण बन रही हैं। पिछले माह केनरा बैंक के सामने लिंक रोड पर बाइक से मुड़ते समय गांधी चौराहा तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी थी, जिससे सिर में गंभीर चोट आने पर उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके अलावा यहां आए दिन वाहन टकरा रहे हैं, जिससे लोग ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे हैं। साथ ही क्रासिंग पर डिवाइडर की दो-दो रेलिंग हटाई जाएं, जिससे क्रासिग करते समय दूसरी ओर से आ रहे वाहन नजर आ सकें। इसके अलावा अन्य क्रासिंग पर भी दुर्घटनाएं होती हैं और यहां भी ब्रेकर बनाने की जरूरत है। कुछ क्रासिंग ऐसी भी हैं, जो बिना जरूरत के ही बना दी गई हैं।
पिछले माह एक व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद भी क्रासिंग पर कोई सुधार नहीं हुआ है, जबकि यहां हर दिन हादसों की आशंका बनी है। लोग लंबे समय से यहां ब्रेकर बनाने की मांग करते आ रहे हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों की गति पर रोक लग सके और हादसे न हों। लिंक रोड सीधा कच्चे रोड को जोड़ता है, जिससे यहां यातायात का दबाव ज्यादा रहता है। इसी तरह गांधी चौराहा के पहले बनी क्रासिंग को कुछ वर्षों पूर्व तत्कालीन सीएमओ ने बंद करा दिया था, जिसे लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार फिर से खोल दिया है, जबकि यहां भी हादसे होते हैं।
12 सितंबर के बाद स्टेशन रोड पर डामरीकरण का कार्य होना है और इसी दौरान क्रासिंग पर ब्रेकर बनाए जाएंगे। साथ ही जो भी तकनीकी कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाएगा।
जयदीप शाक्यवार, उपयंत्री, नगर पालिका बीना
Updated on:
10 Sept 2026 12:06 pm
Published on:
10 Sept 2026 12:06 pm
