
Sagar Sarvjeet Singh Lodhi Arrest: मध्यप्रदेश के सागर जिले में पुलिस ने लोधी क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत सिंह लोधी को रविवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। सर्वजीत सिंह लोधी पर दो वर्ष पूर्व ढाबा पर फायरिंग और तोड़फोड़ करने के आरोप में मामला दर्ज था और इसी मामले में जिले की बांदरी पुलिस ने उसे रविवार को गिरफ्तार किया। सर्वजीत सिंह लोधी की गिरफ्तारी के बाद राजनीति गरमा गई है और प्रदेश सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जताई है।
थाना प्रभारी सुमेर जगेत ने बताया कि वर्ष 2024 में सौरभ ढाबा पर करीब आठ लोगों ने हंगामा कर तोड़फोड़ की थी। जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत ने फायरिंग की थी, जिसमें आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मामले में दो आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर लिया था और रविवार को सर्वजीत को गिरफ्तार कर मालथौन सिविल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को खुरई उपजेल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। गौरतलब है कि ढाबे पर फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें फायरिंग और तोड़फोड़ के साथ ही सब-इंस्पेक्टर से अभद्रता करते हुए भी आरोपी नजर आए थे और फायरिंग में सब-इंस्पेक्टर बाल-बाल बचे थे।
सर्वजीत की गिरफ्तारी के बाद राजनीति भी गरमाई है और इस मामले में मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा है- 'सागर जिले में जिला पंचायत सदस्य एवं लोधी क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत सिंह लोधी की सागर पुलिस द्वारा गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण है। दो वर्षों से इस प्रकरण में असमंजस बनाए रखना और फिर गिरफ्तार करना? यह सिर्फ अपमानित करने की कोशिश है। मैं ऐसी कार्रवाई की निंदा करता हूं।' इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में कई प्रकार की चर्चाएं तेज हो गई हैं।