
B Tech Student Aman- Image patrika
Bina- डॉ. हरीसिंह गौर विवि सागर से बीटेक कर रहे एक छात्र का शव बीना में छोटी बजरिया स्थित एक होटल में फंदे पर झूलता मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव फंदे से उतारा और मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पीएम कराया गया। मुंगावली तहसील के ओंडेंर के निवासी सुनील प्रजापति पिता जसराम प्रजापति ने बताया कि उनका छोटा भाई अमन, सागर विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। वह फाइनल ईयर में था। अमन पोद्दार कॉलोनी सागर में किराए के मकान में रहता था। 2 जुलाई को सुबह 9.45 बजे से अमन का मोबाइल बंद था। जब बार-बार संपर्क करने के बाद भी मोबाइल चालू नहीं हुआ तो वह भागे भागे सागर पहुंचे। बाद में पुलिस से सूचना मिली कि अमन ने बीना की एक होटल में खुदकुशी कर ली है। मृतक के भाई ने मामले को संदिग्ध बताया है। उनका कहना है कि मौत से पहले अमन की पाकिस्तान के एक नंबर पर चेटिंग हुई थी और उसने कुछ रुपए भी ट्रांसफर किए थे। भाई ने किसी के द्वारा अमन को ब्लैकमेल किए जाने का अंदेशा जताया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
मोबाइल बंद था और सिम भी टूटी मिली
सुनील प्रजापति के मुताबिक अमन के रूम पर जाकर देखा तो मोबाइल बंद था और सिम भी टूटी मिली। उन्हें किसी अनहोनी घटना की अंदेशा हुई। इसपर गोपालगंज थाने पहुंचकर भाई की गुमशुदी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सागर में जगह-जगह तलाश करने के बाद भी अमन की कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद शुक्रवार रात उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई का शव बीना की होटल में मिला है। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर भाई को पहचानकर शव की शिनाख्त की।
मृतक अमन के भाई के अनुसार मोबाइल में पाकिस्तान के नंबर में चेटिंग मिली है और उसने बार-बार रुपए भी ट्रांसफर किए हैं। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि छात्र को ब्लैकमेल किया जा रहा था और उसके चलते ही उसने यह कदम उठाया है। इधर बीना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छोटी बजरिया स्थित जिस होटल में अमन 2 जुलाई की शाम रुका था वहां उसने बताया था कि उसे प्रयागराज जाना है। इसके बाद वह रूम में चला गया। जब अमन बाहर नहीं निकला तो कर्मचारियों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब न आने पर खिड़की से देखा, तो वह फंदे पर झूल रहा था। इसके बाद पुलिस को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया और शव फंदे से उतारा।
Updated on:
04 Jul 2026 01:42 pm
Published on:
04 Jul 2026 01:41 pm
