सागर

सागर में मकान की खुदाई के दौरान मिला चांदी के सिक्कों से भरा घड़ा

Silver Coins Found: चांदी के सिक्कों पर उर्दू-फारसी में कुछ लिखा हुआ है, बनावट के आधार पर सिक्कों के मुगलकानी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

2 min read
Jun 18, 2026
sagar
silver coins found during house construction, मकान की खुदाई में मिले चांदी के सिक्के (source-patrika)

Sagar Silver Coins Found: मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक मकान की खुदाई के दौरान चांदी के सिक्कों से भरा घड़ा मिलने की खबर है। मामला गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के रेगुवां गांव का है जहां एक मकान के निर्माण के दौरान हो रही खुदाई में मजदूरों को एक घड़ा मिला। इस घड़े में चांदी के सिक्के भरे हुए थे। सिक्कों पर उर्दू-फारसी लिपि में कुछ लिखा हुआ है और सिक्कों की बनावट को देखकर ये अंदेशा लगाया गया है कि ये सिक्के मुगलकाल के हो सकते हैं।

मकान की खुदाई में मिला 'खजाना'

गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के रेगुवां गांव में रहने वाले दयाल अहिरवार अपने घर का निर्माण करा रहे हैं। मकान की नींव खुदाई के दौरान मजदूरों को एक घड़ा मिला, जिसे खोलकर देखने पर उसमें चांदी के प्राचीन सिक्के भरे हुए थे। मकान मालिक दयाल अहिरवार को जब चांदी के सिक्के मिलने की जानकारी लगी तो उन्होंने मजदूरों से सभी चांदी के सिक्के ले लिए। चांदी के सिक्कों पर उर्दू-फारसी में कुछ लिखा हुआ है।

देखें वीडियो-

मकान मालिक ने दिखाई ईमानदारी

मकान मालिक दयाल अहिरवार ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश करते हुए खुदाई में मिले चांदी के सभी 49 सिक्कों को खुद पुलिस के हवाले कर दिया। सिक्कों की बनावट और स्वरूप को देखकर प्रारंभिक तौर पर इन्हें मुगलकालीन माना जा रहा है। हालांकि सिक्कों की वास्तविक प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व का निर्धारण विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने नियमानुसार सिक्कों को जब्त कर मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है। सिक्कों को जांच एवं पुरातात्विक मूल्यांकन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार संबंधित विभाग को भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।

मकान मालिक की ईमानदारी के हो रहे चर्चे

जिस तरह से मकान मालिक दयाल अहिरवार ने चांदी के सिक्के मिलने के बाद बिना लालच के सभी सिक्कों को पुलिस के हवाले किया है इससे उनकी ईमानदारी के चर्चे इलाके में हो रहे हैं। हर कोई दयाल अहिरवार की तारीफ कर रहा है। थाना प्रभारी शिवम दुबे ने बताया कि मकान निर्माण की खुदाई में प्राचीन सिक्के मिलने की सूचना ग्रामीणों के द्वारा मिली थी, इसके बाद मकान मालिक को बुलाया गया तो मकान मालिक ने पूरी घटना बताते हुए खुदाई में मिले सभी 49 प्राचीन सिक्के पुलिस को सौंप दिए हैं, नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Published on:
18 Jun 2026 05:12 pm