
tin shed accident woman killed during storm, मृतका अंजली अहिरवार की जीवित अवस्था की तस्वीर और घटनास्थल (source-patrika)
Bina Tin Shed Accident: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना में तेज आंधी और बारिश के दौरान ग्राम गढ़ौली जवाहर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए एक नवनिर्मित ढाबे पर खड़े लोगों पर अचानक ढाबे का टीन शेड उड़कर गिर गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मालथौन और सागर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाम के वक्त खिमलासा क्षेत्र के ग्राम गढ़ौली जवाहर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए करीब 25 से अधिक लोग सड़क किनारे बने एक नवनिर्मित ढाबे के नीचे खड़े हो गए। इनमें 25 साल की अंजली अहिरवार भी थी, लेकिन अंजली को क्या पता था कि वो जिस ढाबे में बारिश से बचने के लिए रुक रही है वहीं पर उसकी मौत हो जाएगी। तेज आंधी व बारिश के दौरान ढाबे के ऊपर लगा टीन शेड उखड़कर लोगों की तरफ आ गया। हादसे में एक लोहे की चादर अंजली पति अरविंद अहिरवार (25) निवासी दमोह के सिर और गले के हिस्से में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अंजली को घायल हालत में इलाज के लिए खुरई ले जाया जा रहा था लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
ढाबे में हुए इस हादसे में सात अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम कर लिया है। बताया गया है कि हादसे में जान गंवाने वाली अंजली की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। वह संत रविदास के भंडारे में शामिल होने गढ़ौली जवाहर आई थी और वहां से महेरा में अपनी बहन के घर होते हुए दमोह लौट रही थी। रास्ते में मौसम खराब होने पर वह अन्य लोगों के साथ ढाबे पर रुक गई थी और वहीं पर ये हादसा हो गया और अंजली की जान चली गई।
Updated on:
17 Jun 2026 10:28 pm
Published on:
17 Jun 2026 10:18 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
