17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीमार मां से मिलने गांव लौटा नर्स हत्याकांड का आरोपी, सागर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Nurse Deepshikha Murder Case: अस्पताल के बाहर नर्स की गोली मारकर हत्या करने के बाद मुंबई, पीथमपुर और अहमदाबाद में ठिकाने बदल-बदल कर छिपा था आरोपी, बीमार मां से मिलने के लिए गांव लौटा था।

2 min read
Google source verification
sagar

nurse deepshikha murder case accused arrested after four months, नर्स दीपशिखा हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार (source-patrika)

Sagar Nurse Murder Case: मध्यप्रदेश के सागर में 4 महीने पहले नर्स की अस्पताल के बाहर गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। पुलिस ने आरोपी को जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र के मुड़िया गांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी मां के बीमार होने की जानकारी लगने के बाद गांव आया हुआ था। पुलिस ने आरोपी के साथ ही उसके चचेरे भाई को भी गिरफ्तार किया है और उसे सह आरोपी बनाया है।

मुंबई, अहमदाबाद और पीथमपुर में छिपा था

सागर के शाहगढ़ सामुदायिक केन्द्र में पदस्थ नर्स दीपशिखा चढ़ार की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी सुशील चढ़ार फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि वो मुंबई, अहमदाबाद और पीथमपुर में ठिकाने बदल-बदलकर छिपा हुआ था और उसने पुलिस से बचने के लिए मोबाइल का इस्तेमाल करना भी बंद कर दिया था। मोबाइल का इस्तेमाल न कर पाने के कारण आरोपी की लोकेशन ट्रेस करना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा था। लेकिन मां की तबीयत खराब होने की जानकारी लगने पर वो गांव लौटा और यहीं पर पुलिस ने उसे धरदबोचा।

नर्स से एकतरफा प्यार करता था आरोपी

आरोपी सुशील ने पूछताछ में बताया है कि वो और नर्स दीपशिखा आपस में रिश्तेदार थे। वो दीपशिखा से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन दीपशिखा के परिवारवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। वो हर हाल में दीपशिखा से शादी करना चाहता था, इसलिए उसने दीपशिखा पर शादी के लिए दबाव बनाया। दीपशिखा ने शादी से साफ मना कर दिया। आरोपी ने बताया कि वो उसे किसी और का होता नहीं देख सकता था, इसलिए गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी सुशील को पिस्टल उसके चचेरे भाई सौरभ चढ़ार ने दिलाई थी, इसलिए पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर सह आरोपी बनाया है।

अस्पताल के बाहर मारी थी गोली

4 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे पाटन की रहने वाली 25 वर्षीय दीपशिखा चढ़ार की शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दीपशिखा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नर्स थी और दो साल से शाहगढ़ में पदस्थ थी। वारदात वाले दिन दीपशिखा की नाइट ड्यूटी थी और वो ड्यूटी पर जा रही थी तभी आरोपी सुशील चढ़ार ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने तब तीन गोलियां चलाईं थीं जिनमें से एक नर्स दीपशिखा की पीठ में लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।