सागर

Sagar News: बिस्तर की रजाई में छिपा था सांप, युवक के छूटे पसीने

Snake Rescue: किराए के कमरे में रहने वाले कॉलेज छात्रों के कमरे में रजाई में सांप घुसने से मचा हड़कंप, स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू।
2 min read
Jul 25, 2026
sagar
snake found inside quilt student room rescue, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर

Sagar Snake in Quilt: मध्यप्रदेश के सागर में मोतीनगर थाना क्षेत्र की तिवारी गली में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब किराए के मकान में रहने वाले एडिना कॉलेज के छात्रों के कमरे में रखी रजाई में सांप नजर आया। रजाई में छिपे करीब 5 फीट लंबे सांप को देखकर छात्र घबरा गए और तुरंत कमरे से बाहर निकले। छात्रों ने तुरंत आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों को कमरे में रजाई में सांप के छिपे होने के बारे में बताया। इसके बाद स्नेक कैचर बबलू पवार को सूचना दी गई।

रजाई में छिपा था सांप

रजाई में सांप होने की सूचना मिलते ही कुछ देर में स्नेक कैचर बबलू पवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो सांप रजाई में अंदर छिपा हुआ था। सावधानीपूर्वक रजाई को हटाकर स्नेक कैचर बबलू ने सांप को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्नेक कैचर बबलू ने करीब पांच फीट लंबे सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। सांप के पकड़े जाने के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली। पकड़े गए सांप को स्नेक कैचर अपने साथ ले गए और सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया।

रेड स्नेक प्रजाति का था सांप

बबलू पवार ने सावधानीपूर्वक रजाई को हटाकर करीब 20 मिनट में सांप का रेस्क्यू किया है। रेस्क्यू किया गया सांप रेड स्नेक प्रजाति का है, जो जहरीला नहीं होता। उन्होंने बताया कि इस सांप के जहरीले न होने के बावजूद लोग इसे देखकर घबरा जाते हैं। रेस्क्यू किए गए सांप को बाद में सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

बारिश में बरतें सावधानी

स्नेक कैचर बबलू पवार ने बताया कि बारिश के मौसम में सांप अक्सर सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों, कमरों और सामान के बीच छिप जाते हैं। ऐसे में लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने के साथ ही बिस्तर, रजाई और अन्य सामान का इस्तेमाल करने से पहले अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए। स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। तुरंत स्नेक कैचर या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

Updated on:
25 Jul 2026 09:19 pm
Published on:
25 Jul 2026 09:18 pm