सागर

स्वदेश दर्शन योजना: किले में जाने के लिए बनेगा दूसरा पुल, तैयार की जाएगी ओरछा की वेबसाइट

Jun 08, 2025
Feature image
  • पर्यटकों की सुविधा के लिए एक ही जगह होगी पूरी जानकारी, कम होगा नगर में वाहनों का ट्रैफिक

टीकमगढ़. ओरछा में पर्यटकों की सुविधा के लिए नई वेबसाइट डिजाइन की जाएगी। इसके साथ ही वाहनों का ट्रैफिक कम करने के लिए किले तक जाने के लिए दूसरे पुल का निर्माण किया जाएगा। विश्व प्रसिद्ध राम राजा सरकार की पर्यटक नगरी ओरछा में स्वदेश दर्शन योजना के तहत यह काम किए जाएंगे। इसके बाद से पर्यटकों को एक ही जगह पर ओरछा से जुड़ी तमाम जानकारी उपलब्ध होगी।

ओरछा को यूनेस्को द्वारा जहां विश्व धरोहरों की स्थाई सूची में शामिल करने की तैयारियां की जा रही हैं, तो पर्यटन विभाग द्वारा यहां पर पर्यटकों की सुविधा के लिए अनेक काम किए जा रहे हैं। 12 एकड़ में राम राजा लोक का विस्तार करने के साथ ही यहां के पर्यटन नगरी को पर्यटकों की पहुंच तक लाने के लिए इसे स्वदेश दर्शन योजना में जगह दी गई है। इस योजना में 25 करोड़ की लागत से यहां पर अन्य काम किए जाएंगे। इसमें सबसे महत्वपूर्ण ओरछा की एक विस्तृत वेबसाइट तैयार करना है।

यह होगा वेबसाइट में
पर्यटन विभाग के उपयंत्री पीयूष वाजपेयी ने बताया कि इस वेबसाइट में राम राजा मंदिर से जुड़ी हर जानकारी के साथ ही ओरछा के सभी पर्यटन महत्व के स्थलों के बारे में जानकारी लोड की जाएगी। इसमें ओरछा के श्रीराम राजा मंदिर में होने वाले विशेष आयोजनों के साथ ही यहां की आरती पूजा का समय और पर्यटन स्थलों के बारे में सब कुछ विस्तार से होगा। ऐसे में पर्यटकों को एक ही मंच पर सारी जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। वर्तमान में ओरछा मंदिर को लेकर ही एक आधिकारिक वेबसाइट काम कर रही है। इसमें केवल ओरछा मंदिर से जुडी पूजा, प्रसाद, निवास एवं दान आदि की जानकारी ही श्रद्धालुओं को मिल पाती है।

Updated on:
08 Jun 2025 07:47 pm
Published on:
08 Jun 2025 07:47 pm