सागर

मकरोनिया क्षेत्र में तीन दिन बंद रही जलापूर्ति तो नपा प्रशासन ने एक करोड़ रुपए जमा किए

Dec 16, 2025
Feature image

मकरोनिया पर नगर निगम के 6 करोड़ से ज्यादा की राशि है बकाया, सोमवार दोपहर को हुई राजघाट से सप्लाई

सागर. मकरोनिया क्षेत्र में बीते तीन दिन से कुछ क्षेत्रों में सप्लाई नहीं हुई थी। यह बात मकरोनिया नगरपालिका के अधिकारियों को भी पता थी और सप्लाई क्यों नहीं हो रही है, इसकी भी जानकारी लग चुकी थी। मकरोनिया नपा पर सागर नगर निगम का करीब 6 करोड़ रुपए बकाया है। यही वजह है कि जब राजघाट से जलापूर्ति बंद हुई तो नपा प्रशासन ने पैसों का प्रबंधन करना शुरू कर दिया। सोमवार को मकरोनिया नपा प्रशासन ने सागर नगर निगम को एक करोड़ रुपए की राशि बैंक के माध्यम से भेजी, जिसके बाद दोपहर में क्षेत्र की जलापूर्ति बहाल हो पाई।

इधर स्मार्ट सिटी लिमिटेड से भी 83 हजार रुपए जमा कराए

नगर निगम प्रशासन संपत्ति कर, जल कर समेत अन्य करों की वसूली में अब सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के भी जल कर व संपत्ति कर के रूप में करीब 83 हजार रुपए बकाया था, जिसको सोमवार को जमा कराया गया।

नोटिस जारी कर चुके अब वसूली भी होगी

निगम प्रशासन पूर्व में कई शासकीय विभागों को संपत्तिकर, जल कर की बकाया राशि को लेकर नोटिस जारी कर चुका है। अब उनसे वसूली के लिए सख्त कदम उठा रहा है। ऐसे में मंगलवार से जमीनी स्तर पर कार्रवाई देखने को मिल सकती है।

Updated on:
16 Dec 2025 10:38 pm
Published on:
16 Dec 2025 10:38 pm