
Sagar Viral Video: मध्यप्रदेश के सागर जिले में एक्सीडेंट के बाद डंपर में फंसे ड्राइवर को तसल्ली दिलाने के लिए गुटखा खिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात सागर पासिंग के डंपर का देवरी के चीमाढाना में एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें डंपर का ड्राइवर और हेल्पर दोनों ही डंपर के केबिन में फंस गए थे। बता दें कि तंबाकू व गुटखा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है और तंबाकू उत्पादों पर भी इस संबंध में चेतावनी लिखी होती है।
बताया गया है कि डंपर सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर वाहन से टकरा गया था, हादसा इतना भीषण था कि डंपर के सामने का हिस्सा चकनाचूर हो गया था। डंपर का चालक व परिचालक डंपर के केबिन में ही फंस गए थे। हादसे के बाद राहगीरों ने किसी तरह परिचालक को तो डंपर के केबिन से निकाल लिया लेकिन ड्राइवर स्टेयरिंग और सीट के बीच फंस गया था। राहगीरों ने उसे निकालने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली और बाद में पुलिस के पहुंचने पर क्रेन की मदद से ड्राइवर को निकाला जा सका।
देखें वीडियो-
जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें दिख रहा है कि डंपर का ड्राइवर स्टेयरिंग और सीट के बीच फंसा हुआ है और काफी घबरा रहा है। लोग उसे निकालने की कोशिश कर रहे हैं, इसी दौरान एक राहगीर उसे तसल्ली दिलाने के लिए पूछता है कि गुटखा खाओगे, ड्राइवर के हां कहने पर राहगीर कहता है कि लो गुटखा खाओ और चिंता मत करो, हम लोग हैं न, सब ठीक हो जाएगा। इसके बाद रात करीब 1.30 बजे के बाद देवरी थाना क्षेत्र से डायल 112 वाहन और टोल की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, तब कहीं क्रेन की मदद से ड्राइवर को बाहर निकाला गया और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। देवरी पुलिस ने बताया कि युवक के एक पैर में चोटें आईं थीं, वह अब स्वस्थ बताया जा रहा है।