
Woman Burnt Alive- मध्य प्रदेश के सागर में जमीन विवाद को लेकर महिला और उसके बेटे को जान से मारने की कोशिश की गई। जिले के बीना तहसील के पड़रिया गांव में गुरुवार सुबह खेत में बखरनी करने से रोकने पर एक महिला पर कुछ लोगों ने डीजल डालकर आग लगाकर जान से मारने की कोशिश की। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसका बेटा भी चपेट में आ गया। दोनों को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गंभीर हालत में सागर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला जमीन विवाद (Land Dispute) से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पड़रिया निवासी रीना बाई पति अरविंद ठाकुर (40) गुरुवार सुबह अपने बेटे के साथ खेत पर पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि उनके खेत से लगे एक खेत में कल्याणसिंह ठाकुर व उनका बेटा प्रशांत ठाकुर व संजय ठाकुर बखरनी कर रहे थे। महिला ने उनसे कहा कि पहले खेत मालिक को आ जाने दो, उसके बाद ही बखरनी करना। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
महिला के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पहले महिला के बेटे के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि, उसने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली। इसी दौरान पीछे से आए एक व्यक्ति ने महिला के ऊपर डीजल डाल दिया और आग लगा दी। देखते ही देखते रीना बाई आग की लपटों में घिर गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। मां को आग में घिरा देखकर बेटा उसे बचाने के लिए दौड़ा, जिसमें वह भी झुलस गया। डायल 112 की मदद से घायलों को तत्काल बीना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे सागर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार महिला के पति ने 1 एकड़ 70 डिसमिल जमीन कल्याण के रिश्तेदार टेकसिंह ठाकुर निवासी पथरिया को बेची थी, जिसके बाद महिला ने उनसे जमीन वापस करने व रुपए वापस लेने के लिए कहा। इसके बाद टेकसिंह ने उनकी एक एकड़ जमीन वापस कर दी। बाकी की 70 डिसमिल जमीन पर टेकसिंह के रिश्तेदार कल्याण सिंह व उनके बेटे बखरनी कर रहे थे, इसी दौरान महिला व उनका बेटा मौके पर पहुंचे थे, जहां पर उनका विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने महिला पर डीजल डालकर आग लगा दी।
घटना के बाद महिला बयान देने की स्थिति में नहीं थी, जिससे उसे सागर रेफर कर दिया गया था। सागर में शून्य पर आरोपी कल्याण सिंह ठाकुर, प्रशांत ठाकुर व संजय ठाकुर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है, जिनकी तलाश की जा रही है।-अनूप यादव, थाना प्रभारी, बीना