
Budni Road Accident- बुदनी-सलकनपुर मार्ग पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर (फोटो सोर्स- Patrika)
Budni Road Accident- मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बुदनी-सलकनपुर मार्ग पर एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने भी देखा उसकी रूह कांप गई। वर्धमान फैक्ट्री के पास एक तेज रफ्तार गिट्टी से भरे डंपर ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। हादसे में चार साल के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मां ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतका का पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
हादसा बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। रेहटी तहसील के जाजना गांव निवासी मनीष कीर (45) अपनी पत्नी प्रीति कीर (25) और 4 वर्षीय मासूम बेटे तनीश कीर के साथ बाइक से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान इंदौर-बुदनी सिक्सलेन निर्माण कार्य में लगे एक तेज रफ्तार डंपर (केए 51 एल 1138) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 15 टन वजनी डंपर का पहिया मासूम तनीश के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डंपर के पहिए से कुचलकर तनीश सड़क पर कागज की तरह चिपक चुका था। वहीं, मां प्रीति के दोनों पैर कट गए और पिता
मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है। इसमें दोनों पैर कटने के बावजूद तड़पती हुई मां अपने मृत बेटे को देखकर चीख रही थी और कह रही थी-बेटे उठ जा…। खुद के असहनीय दर्द पर मां की ममता भारी पड़ रही थी। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से घायल दंपती को बुदनी के मधुवन अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नर्मदापुरम रेफर किया गया। लेकिन जिंदगी और मौत के बीच दो से तीन घंटे तक जूझने के बाद आखिरकार मां प्रीति ने भी दम तोड़ दिया। मनीष का इलाज अभी जारी है।
घिसटता चला गया तनीश, चालक गिरफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि 4 साल का तनीश डंपर की चपेट में आने के बाद करीब 15 से 20 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। सड़क पर दूर-दूर तक खून फैला हुआ था। मासूम का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। इधर, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाकारी डंपर को जब्त कर लिया है। चालक सुखीराम (50) पुत्र जैतराम निवासी भैरोटल जिला कोरबा छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव पीएम के बाद परिजन के सुपुर्द कर धारा 106, 281, 125ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
02 Jul 2026 04:07 pm
Published on:
02 Jul 2026 04:07 pm
