
सहारनपुर। अलीगढ़ और दिल्ली के जाफराबाद में हुए उपद्रव के बाद सहारनपुर मंडल में भी अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सहारनपुर डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने तीनों जिलों के एसएसपी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। देवबंद में भी फोर्स बढ़ा दिया गया है।
देवबंद के ईदगाह में पिछले करीब एक माह से महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं और यहां भी शाहीन बाग की तर्ज पर ही प्रदर्शन जारी है। 24 घंटे चलने वाले इस प्रदर्शन का नेतृत्व भी देवबंद की महिलाएं ही कर रही हैं। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासनिक अफसरों के आग्रह पर पिछले एक सप्ताह से यहां प्रदर्शन करने वालों की भीड़ कम हो रही थी और लाउडस्पीकर की आवाज भी कम कर दी गई थी।
यह बदलाव पुलिस व प्रशासन के राहत देने वाला था लेकिन अब अलीगढ़ और दिल्ली की घटना के बाद एक बार फिर से देवबंद की निगरानी तेज हाे गई है। सहारनपुर डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि तीनों जिलों के एसएसपी को अलर्ट रहने और चल रही गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया तंत्र को भी अलर्ट किया गया है। देवबन्द पर लगातार नजर रखी जा रही है और तीनों जिलों में गश्त बढा दी गई है।