सहारनपुर

यूपी निकाय चुनाव खत्‍म होते ही भाजपा नेताओं को लगा बड़ा झटका

निकाय चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान खत्‍म होते ही सहारनपुर में भाजपा ने नौ नेताओं को छह साल के लिए किया पार्टी से बाहर
2 min read
bjp
bjp

सहारनपुर। निकाय चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान खत्म होते ही भाजपा ने नौ नेताओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छह साल के लिए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई सहारनपुर के महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा की ओर से की गई है। बुधवार शाम 5 बजे मतदान खत्म होते ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों पर यह निर्णय लिया गया। मतदान खत्म होने के एक घंटे बाद ही 6 बजे महानगर अध्यक्ष ने यह घोषणा कर दी कि पार्टी के ऐसे 9 पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है, जिन्होंने चुनाव में पार्टी का विरोध किया। इनमें सात पदाधिकारी वे हैं, जो भाजपा में रहते हुए निर्दलीय चुनाव लड़े और दो पदाधिकारी वे हैं, जिन्होंने भाजपा में रहते हुए चुनाव में दूसरे लोगों के लिए प्रचार किया। ऐसे में सवाल यह उठता है कि भाजपा मतदान होने से पहले इन बागियों पर कार्रवाई करने की हिम्मत आखिर क्यों नहीं जुटा पाई।

छह साल के लिए हुआ बाहर
भाजपा महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा के मुताबिक, पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने पर विजय कालड़ा, प्रवेश धवन, अनिल अरोड़ा, वरुण खन्ना, पुष्पेंद्र जैन, श्रीव्य गोड और रवि सेन समेत पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ प्रचार करने वाले आरपी सिंह और राम केवल यादव को निष्कासित किया गया है। यह निष्कासन 6 साल के लिए किया गया है यानि अब इन लोगों को अगर दोबारा से भाजपा में आना है तो 6 वर्ष का इंतजार करना होगा।

मनाने की तमाम कोशिशें हो गई थीं नाकाम
मतदान खत्म होने पर भाजपा ने जिन बागियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। उन्हें मनाने के लिए बड़ी मशक्कत की गई और शीर्ष नेतृत्व तक कन्वेंस करने का प्रयास किया गया। बावजूद इसके भाजपा के स्थानीय और प्रदेश स्तर के नेता भी इन पदाधिकारियों को मना नहीं पाए थे और अब भाजपा ने इन पर कार्रवाई का निर्णय किया है।

Published on:
30 Nov 2017 09:27 am
Also Read
View All