सहारनपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सपा और कांग्रेस पहले भी उत्तर प्रदेश में साथ मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने 2017 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दल इस बार फिर साथ आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियां सबके सामने हैं। पंकज चौधरी ने कहा कि दो दौर की बैठकें हो चुकी हैं और सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा है कि वे कांग्रेस को 26 सीटें देने जा रहे हैं। यह उनका आपसी मामला है, जिस पर मुझे कुछ नहीं कहना, लेकिन जिस तरह स्वार्थ के आधार पर यह गठबंधन बना है, वह ज्यादा दिन नहीं चलेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित राष्ट्र बनाने का काम तेजी से चल रहा है।