सहारनपुर

यूपी के इस स्मार्ट सिटी में व्यापारियों ने दी पार्षदों को गोली मारने की धमकी, वीडियो वायरल

नगर निगम पहुंचे थे व्यापारियों नगर आयुक्त के सामने कहा एक एक पार्षद को मार देंगे गोली

3 min read

सहारनपुर. हम पूरे शहर को जाम कर देंगे, धरना देकर बैठ जाएंगे, शहर को बंद कर देंगे। इतना ही नहीं एक-एक पार्षद को भी गोली मार देंगे। यह किसी हिंदी फिल्म के डायलॉग नहीं हैं। सहारनपुर स्मार्ट सिटी के व्यापारियों ने यहां के पार्षदों को यह धमकी दी है। आपको जानकर हैरानी होगी कि यह धमकी नगर निगम के आयुक्त कार्यालय में जाकर दी गई। यहां बड़ी संख्या में व्यापारी प्रोफेशनल टैक्स का विरोध करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान जब नगर आयुक्त ने कहा कि टैक्स प्रणाली पर सभी पार्षदों ने हस्ताक्षर किए हैं और मेयर की अनुमति के बाद ही नई टैक्स प्रणाली लागू की गई है तो इस पर गुस्से से लाल व्यापारियों ने साफ कह दिया कि हम मेयर के खिलाफ धरना देकर बैठ जाएंगे और एक-एक पार्षद को गोली मार देंगे।

यह घटना गुरुवार की है। स्मार्ट सिटी सहारनपुर में प्रोफेशनल टैक्स में नगर निगम की ओर से वृद्धि की गई और इसी वृद्धि के विरोध में शहर के व्यापारी एकजुट होकर नगर आयुक्त से मिलने नगर निगम पहुंचे। यहां व्यापारियों को इस प्रोफेशनल टैक्स में की गई वृद्धि का विरोध करना था। इसी दौरान गुस्से में व्यापारियों ने नगर आयुक्त के सामने ही स्मार्ट सिटी के सभी पार्षदों को धमकी दे डाली। यह अलग बात है कि जिस वक्त एक व्यापारी ने यह धमकी दी उसी दौरान धमकी देने वाले व्यापारी के बराबर में बैठे व्यापारी नेता ने उनको रोका और कहा कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना है लेकिन व्यापारी के धमकी दिए जाने का यह वीडियो वायरल हो गया।

यह पूरा मामला
दरअसल, सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नगर इकाई गुरुवार को टैक्स वृद्धि के विरोध में नगर निगम पहुंचे थे। इस दौरान मुख्य रूप से विवेक मनोचा, सुरेंद्र मोहन चावला, यशपाल मैनी, एसके दुआ, राजकुमार विज समेत अन्य व्यापारियों ने प्रोफेशनल टैक्स में की गई वृद्धि का विरोध किया और नगर आयुक्त का घेराव कर लिया। वायरल वीडियो में नगर आयुक्त कुछ भी नहीं बोल रहे हैं और व्यापारी गुस्से में एक के बाद एक चेतावनी देते जा रहे हैं। व्यापारी कह रहे हैं कि किसी भी कीमत पर टैक्स वृद्धि बर्दाश्त नहीं होगी। जिस हद तक हमें लड़ाई लड़नी होगी। हम लड़ेंगे व्यापारियों ने कहा कि हम नगरायुक्त के खिलाफ आंदोलन कर देंगे। हम पार्षदों के खिलाफ आंदोलन कर देंगे। हम मेयर के खिलाफ आंदोलन कर देंगे। हम सड़कों पर आ जाएंगे। पूरे शहर को बंद कर दिया जाएगा। व्यापारियों ने यह भी कहा कि मेयर ऐसे ही मेयर नहीं बने, घर-घर जाकर उन्होंने भीख मांगी है इसके बाद वह मेयर बन पाए हैं।

सहारनपुर में नहीं रहने देंगे
व्यापारियों ने यह भी कहा कि अगर टैक्स में की गई कि वृद्धि को वापस नहीं किया गया तो वह किसी भी हाल में नगर आयुक्त को सहारनपुर में नहीं रहने देंगे। व्यापारियों का कहना है कि टैक्स में बेतहाशा वृद्धि की गई है। कल तक जिस व्यापारी का 200 रूपये सालाना टेक्स्ट था। उसे बढ़ाकर 1000 से भी ज्यादा कर दिया है। कुछ ऐसे व्यापारी भी हैं, जिनके शोरूम और बैंकट हॉल वार्षिक 50000 तक टैक्स लगा दिया गया है। इतने भयंकर टैक्स को व्यापारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। सहारनपुर कागजों में स्मार्ट सिटी बन गया, लेकिन कोई विकास सहारनपुर में नहीं दिखाई दे रहा।

क्या कहते हैं मेयर
मेयर संजीव वालिया का यही कहना है कि व्यापारियों ने सरकार बनाने में हमारी मदद की है और ऐसे में हम व्यापारियों के ऋणी हैं। किसी भी व्यापारी से नाजायज टैक्स नहीं लिया जाएगा, लेकिन स्मार्ट सिटी बनने के बाद थोड़ा टैक्स बढ़ोतरी के लिए व्यापारियों को भी मन बनाना चाहिए। इससे ही विकास होगा और सरकार के पास अपना कोई खजाना नहीं होता है। टैक्स से ही विकास कार्य होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों को अपनी आवाज उठाने का पूरा हक है। उन्हें उठाने भी चाहिए, लेकिन अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

Published on:
26 Apr 2018 06:51 pm
Also Read
View All