30 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सहारनपुर में बच्चे को डांटने पर बिगड़ी बात, पत्नी बोली- पति ने बेल्ट से पीटा, शिकायत के बाद फरार

Domestic Violence महिला का आरोप है कि सास ने छुट्टी पर आए पति को बताया कि बहू बेटे को उसके पीछे रोजाना पीटती है। इसके बाद पति ने बेल्टों से महिला को पीटना शुरू कर दिया।
3 min read
Google source verification
Saharanpur news

प्रतीकात्मक फोटो ( स्रोत Gemini )

पति दिल्ली में नौकरी करता है और पत्नी सहारनपुर के एक गांव में सास-ससुर के साथ रहती है। एक बच्चा भी है। आरोप है कि छुट्टी पर घर आए पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। जल्लाद बने पति ने पत्नी को बेल्टों से पीटा। इसके बाद महिला ने अपने मायके खबर कर दी। मायके से पीड़िता का भाई अपनी बहन से मिलने पहुंचा और बहन का हाल देखकर उसे साथ लेकर चिलकाना थाने पहुंच गया। पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। घटना के बाद से पति फरार है। पुलिस ने आरोपी को अल्टीमेटम दिया है यदि 24 घंटे के भीतर थाने नहीं पहुंचा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से आरोपी फरार

मामला चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव चोरी मंडी का है। इसी गांव की रहने वाली एक महिला ने पुलिस से शिकायत की है कि छोटी-छोटी बात पर पति उसके साथ मारपीट करता है। महिला ने पुलिस को बताया कि अभी तक वह लोक लिहाज के कारण सबकुछ सहती रही लेकिन अब पानी सिर के ऊपर आ गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मामूली बात पर पति ने उसे बेल्टों से पीटा है। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर ले ली है। जब पति को पता चला कि पत्नी शिकायत करने थाने पहुंच गई है तो आरोपी पति घर से फरार हो गया। पुलिस ने मोबाइल फोन से आरोपी पति से संपर्क किया तो उसने बताया कि वह दिल्ली आ गया है। पुलिस ने उसे थाने आने को कहा तो आरोपी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अब पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

पुलिस ने कहा होगी जांच के बाद होगी कार्रवाई

चिलकाना थाना प्रभारी का कहना है अक्सर इस तरह की शिकायत आती हैं। मामले की संवेदशनीलता को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। महिला को कोई जाहिरा चोट नहीं हैं बावजूद इसके महिला के मेडिकल परीक्षण कराने के लिए कहा गया है। आरोपी पति ने गुरुवार तक थाने आने की बात कही है। अगर महिला की शिकायत सही पाई जाती है तो आरोपी के खिलाफ महिला की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक जांच पड़ताल में पुलिस इस मामले को पति-पत्नी के बीच का विवाद मान रही है। यह अलग बात है कि तहरीर में पीड़ित महिला ने सास पर भी आरोप लगाए हैं।

मां के कहने पर पत्नी को पीटा

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विवाद बेटे को लेकर है। पति घर पर नहीं रहते। बच्चे को उसे ही संभालना पड़ता है। जब बच्चा शैतानी करता है तो उसे डांटना भी पड़ता है। पीड़िता के मुताबिक बेटा घर में खेलते हुए गिर गया था। इस बात पर उसने बच्चे के डांट लगाई थी। इस पर सास ने अपने बेटे को बताया कि बहू बेटे को इसी तरह से पीटती है। आरोप है कि सास ने बेटे को भड़काया कि बहू उसके पीछे बेटे की पिटाई करती है और छोटी-छोटी बात पर उसे मारती है। इससे पति को गुस्सा आ गया और उसने मां के भड़काने पर पत्नी के साथ पिटाई कर दी। इन्ही आरोपों के साथ महिला ने तहरीर दी है। पुलिस अब सभी आरोपों की जांच कर रही है।

आरोप सही पाए गए तो हो सकती है FIR

अभी तक यह सिर्फ आरोप हैं। पीड़िता का नाम और परिवार की पहचान हम इसलिए सार्वजनिक नहीं कर रहे क्योंकि यह मामला पारिवारिक विवाद का है। लगाए गए आरोप कितने उचित है इसका पता दोनों पक्षों के आमने-सामने होने पर ही चल पाएगा। फिलहाल आरोपों के आधार पर परिवार की पहचान उजागर करने से मतभेद और गहरा सकते हैं इसलिए एक जिम्मेदार मीडिया संस्थान होने के नाते हम परिवार और पीड़िता की पहचान को उजागर नहीं कर रहे हैं। यह मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा है। महिला के आरोप हैं कि उसे बेल्ट से पीटा गया है। मामला थाने तक जा पहुंचा है और पुलिस जांच कर रही है। पुलिस इस मामले में आगे क्या करती हैं और जांच में आरोप कितने सही पाए जाते हैं इसका पता चलने पर कबर को अपडेट किया जाएगा।