
मेरठ: मेरठ में सोमवार को आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सुभारती यूनिवर्सिटी में शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए नेताओं ने प्रदेश के विकास और कानून-व्यवस्था की जमकर तारीफ की तथा पूर्ववर्ती सरकारों को आड़े हाथों लिया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी शिरकत की।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश में भय का माहौल था, लेकिन आज भाजपा सरकार में पूरी तरह भरोसे का वातावरण है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज पिछड़ों और दलितों की बात करते हैं, उन्होंने अपने परिवार के अलावा कभी किसी के बारे में नहीं सोचा। आज संत रविदास जी की छह सौ पचासवीं जयंती मनाई जा रही है, जबकि कांग्रेस के लोग सिर्फ अपने परिवार के लोगों का जन्मदिन मनाते थे।
नितिन नवीन ने तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कुछ लोग नल की टोंटी चुरा लेते थे और आज वही लोग युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने का सपना दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा और रामनवमी को रोकने के तमाम प्रयास किए जाते थे, लेकिन जनता ने ऐसे लोगों को करारा जवाब दिया है। आज नए एक्सप्रेस वे उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मेरठ में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश को परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति दी है। सीएम योगी ने कहा कि सपा को सनातन से बैर है और राम का नाम लेने से उन्हें उतनी ही परेशानी होती थी, जितनी बाबर को होती थी। उन्होंने कहा कि जनता को ही तय करना है कि प्रदेश को किस दिशा में ले जाना है। बाबर के अनुयायियों का जवाब बजरंगबली के भक्त ही दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने देश को परिवारवाद और जातिवाद की बीमारी दी है। उन्होंने कहा कि इन दलों के लिए सत्ता शोषण और परिवार को बढ़ाने का जरिया बन गई थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करती है।
सीएम योगी ने कहा कि वे लोग समाज को फिर से जातियों के आधार पर बांटने का प्रयास करेंगे और महापुरुषों को भी जातियों में बांटने का पाप करेंगे, लेकिन हमें इस विभाजन को सफल नहीं होने देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कोई कट्टा और बंदूक की राजनीति नहीं कर सकता और न ही कोई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी या कांवड़ यात्रा पर रोक लगा सकता है। कांवड़ यात्रा सनातन का प्रतीक है और यह पूरी धूमधाम के साथ चलती रहेगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के कामकाज का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि योगी ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जब वे सरकार के काम को लेकर जनता के बीच जाएंगे तो उन्हें उसका जवाब देना होगा। चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना चाहिए।
बता दें कि नितिन नवीन के मेरठ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सुभारती विश्वविद्यालय में उनके कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनके स्वागत के लिए ढोल नगाड़े, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूल मालाओं की व्यवस्था की गई थी।
दूसरे दिन 22 सितंबर को नितिन नवीन पहले मेरठ में ही प्रबुद्धजनों के साथ बैठक करेंगे। यानी पहले दिन युवाओं में जोश भरने के साथ-साथ पूर्व पदाधिकारियों के साथ मीटिंग करके वेस्ट में भाजपा और जनप्रतिनिधियों की वास्तविक स्थिति पता करने के बाद अगले दिन सुबह प्रबुद्धजनों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वह मुजफ्फरनगर होते हुए सहारनपुर पहुंचेगे। मुजफ्फरनगर में भाजपाइयों ने उनके स्वागत की तैयारियां की हैं। यहां भी वह कुछ समय के लिए रुककर भाजपाइयों से इनपुट ले सकते हैं और उन्हे चुनावी तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दे सकते हैं।
22 सितंबर की दोपहर को नितिन नवीन का काफिला सहारनपुर पहुंचेगा। यहां पर वह एक कार्यकर्ता के आवास पर पहुंचकर भोजन करेंगे। एक सामान्य कार्यकर्ता के घर पर भोजन करके नितिन नवीन यह संदेश देंगे कि उनकी पार्टी में कार्यकर्ता ही प्रथम होता है। इसके बाद वह वेस्ट यूपी के पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ मिटिंग करेंगे। इस मिटिंग को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद चुनावी तैयारियों को लेकर मिटिंग होगी जिसमें वह क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों के साथ मंथन करेंगे।
मेरठ में चुनावी रणनीती के साथ-साथ वह पूरा महादेव में स्थित एतिहासिक मंदिर में पहुंचकर देवों के देव महादेव के दर्शन करेंगे और सहारनपुर में सिद्धपीठ मां शाकम्भरी देवी के दर्शन करेंगे। भाजपा अध्यक्ष के इस वेस्ट के दौरे ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। जिस तरह से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दो दिवसीय प्रवास का कार्यक्रम आया है उससे यह कयास लगाएं जा रहे हैं कि अब यूपी में विधान सभा का चुनाव बिगुल बज गया है।