
देवबन्द. देश में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले के बीच दिल्ली के मरकज में फंसे हजारों जमातियों का मामला सामने आने के बाद लगातार तब्लीगी जमात और जमातियों की खबरें आ रही हैं। मुख्य धारा की मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक पर क्वारंटीन में भर्ती किए गए देशी-विदेशी जमातियों को लेकर तरह-तरह की खबरें चलाने और प्रकाशित करने का सिलसिला जारी है। ऐसी ही एक खबर सहारनपुर से आई थी कि वहां पर क्वारंटीन में रखे गए जमाती स्टाफ वर्स से बदतमीजी कर रहे हैं और खाने में बिरयानी की मांग कर रहे हैं। इन खबरों में कहा गया था कि नॉनवेज नहीं मिलने पर जमातियों ने खाना फेंक दिया। इसके अलावा जमातियों पर खुले में शौच करने का भी आरोप लगाया गया था। बाद में इन आरोपों की जांच जिला प्रशासन की ओर से थाना रामपुर मनिहारान के थानाध्यक्ष को सौंपी गई। इस जांच में पुलिस ने पाया कि जमातियों के खिलाफ जिस तरह की खबरें आ रहीं हैं। वह सरासर झूठ है। जांच के बाद पुलिस ने इन खबरों का खंडन करते हुए बाकायदा सोशल मीडिया पर खबर बनाम सच के नाम से एक प्रेस रीलीज जारी किया। इस में जमातियों के खिलाफ चलाई गई खबरों को झूठ बताने के साथ ही पुलिस ने पत्रकारों, मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स को ऐसी अफवाहें फैलाने से बचने की अपील की है।
यह भी पढें: लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए गाजियाबाद में जगह-जगह की जा रही है ड्रोन कैमरे से निगरानी
रामपुर मनीहारान थानाध्यक्ष की जांच रिपोर्ट आने पर देवबंद के उलेमा ने पुलिस के काम की तारीफ की गई है। तंजीम इत्तहाद-ए-उलेमा-ए-हिन्द के मुखिया मुफ्ती असद कासमी ने कहा कि पुलिस ने जो काम किया है, उसके लिए हम उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करते हैं। उन्होंने इस झूठी अफवाह को खारिज कर सच को सबके सामने ला दिया है। उन्होंने कहा पुलिस की यह रिपोर्ट बहुत ही सराहनीय और सच्चाई बताने वाली है, जिसमें कहा गया है किसी जमाती ने क्वारंटाइन वार्ड में न तो किसी के साथ दुर्व्यवहार किया और न ही खाने के लिए वेज की जगह मीट या बिरयानी की मांग की गई और न ही जमातियों ने खुले में शौचालय किया है। उनकी यह रिपोर्ट झूटे दुष्प्रचार से पर्दा उठाने वाला और काबिल-ए-एहतराम कदम है।
मुफ्ती असद ने दावा किया कि अगर सबको एक साथ लेकर चलने वाली दुनिया में कोई जमात है तो वह तबलिगही जमात है। लेकिन कुछ फिरकाप्रस्त (सांप्रेदायिक सोच वाले) लोगों ने तब्लीगी जमात को बदनाम करने की कोई कसर नहीं छोड़ रखी है। उन्होंने कहा कि तब्लीगी जमात के ऊपर बेवजह झूठे इल्जाम लगाकर जमातियों को बदनाम करने की पूरे देश में कोशिश हो रही है, लेकिन थाना रामपुर मनिहारान के थाना अध्यक्ष ने अपनी जांच रिपोर्ट के जरिए उन तमाम जहर उगलने वाले लोगों और उनके दुष्प्रचार को खत्म कर दिया है। उन्होंने झुठी अफवाह का पर्दाफाश कर जाहिर कर दिया कि तब्लीगी जमात एक ईमानदार जमात है। आपस में प्यार मोहब्बत सिखाने वाली जमात है। उन्होंने कहा कि बाकी जगह की पुलिस को भी थाना रामपुर मनिहारान से सबक लेना चाहिए और ईमानदारी के साथ झूठी अफवाह का पर्दाफाश करने के साथ ही झुठी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ।