
सहारनपुर। देवभूमि हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाने वाले कांवड़ियों के मन मे देश के प्रति कितना प्रेम है इसकी बानगी तो आपने कांवड़ियों के हाथों में लहरातें तिरंगे से ही देख ली होगी।
अब हम आपको एक ऐसी कावड़ के बारे में बताने जा रहे हैं जो पुलवामा हमले ( pulwama attack) की याद दिलाती है। हम बात कर रहे हैं सहारनपुर के नंदी ग्रुप की पुलवामा हमले की याद दिलाने वाली उस कांवड़ की जिसकी लंबाई सैकड़ों फिट है।
सोमवार शाम को जब यह कांवड़ Smart city सहारनपुर के घंटाघर चाैक पर पहुंची तो शहर के लाेगाें ने इस कांवड़ का इस तरह से अभिवादन किया मानाें उनके हाथ इन कांवड़ियों को सैल्यूट करने के लिए उठे हाें।
सैकड़ों फिट लंबी इस कांवड़ में पुलवामा हमले में शहीद हुए देश के अमर जवानों की फोटो लगी हुई थी और उनके नाम लिखे हुए थे। इस कांवड़ ने एक बार फिर पुलवामा हमले की दिल दहला देने वाली तस्वीरों को याद दिला दिया और उन अमर शहीदों की फोटो भी आंखों के सामने आ गई जो इस हमले में शहीद हुए थे। शहर के लोगों को जब पता चला कि घंटाघर चाैक पर पुलवामा हमले के शहीदों की कावड़ पहुंची है तो मानो पूरा शहर घंटाघर की ओर चल पड़ा।
पुलिस प्रशासन ने भी इस कांवड़ के लिए विशेष इंतजाम किए। कांवड़ काे शिवालय तक ले जाने के लिए भी पूरी तैयारी की गई है। देर रात में इस कांवड़ काे शिवालय तक ले जाया जाएगा और कल इस कावड़ काे देखने के लिए शिवालय के पास ही रखा जाएगा ताकि श्रद्धालु दिनभर इस कावड़ काे देख सकें। बच्चे और देश के नागरिक उन चेहराें काे याद कर सकें जिन्हाेंने पुलवामा हमले में अपनी जान गंवाई थी।