
सहारनपुर ( saharanpur news ) लॉकडाउन में लोगों के रोजगार प्रभावित हुए हैं। ऐसे में अब चोर भगवान के घर को भी नहीं छोड़ रहे। सहारनपुर सिटी में चोरों ने एक मंदिर का दानपात्र उखाड़ लिया और गंगोह में भी एक मंदिर के पुजारी का मोबाइल चोरी कर लिया गया।
जिस समय यह घटनाये हुई पुलिस लॉक डाउन की व्यवस्था और सीएम की सुरक्षा में लगी हुई थी। पहली घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के शहीद गंज बाजार में हुई। शहीद गंज बाजार में एक मंदिर है और लॉकडाउन में यहां सभी दुकानें बंद थी। दोपहर के समय एक युवक ने मंदिर में घुसकर मन्दिर का दानपात्र उखाड़ लिया और वहां से पैसे निकाल लिए। कुछ ही दूरी पर खेल रहे बच्चों ने जब यह घटना देखी तो उन्होंने शोर मचा दिया। इसके बाद चोर वहां से रुपए लेकर भागने लगा। भागते समय इसके पास से कुछ पैसे भी सड़क पर ही गिर गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पुलिस पहुंची और छानबीन की लेकिन तब तक चोर फरार हो चुका था। दूसरी घटना गंगोह थाना क्षेत्र में हुई। यहां पुरुषार्थी धर्मशाला शिव मंदिर में रात को चोर घुस आए। जब चोरों को कुछ भी नहीं मिला तो पुजारी का मोबाइल ही ले गए। पुलिस ( Saharanpur Police ) अब चाेराें की तलाश कर रही है।