
मुजफ्फरनगर। जनपद में रविवार को दिन निकलते ही कस्बा बुढाना में उस समय हड़कंप मच गया जब हाईटेंशन लाइन का तार टूटने के कारण खंबे से टकराकर जोरदार ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद विद्युत लाइन के नीचे पेंट के गोदाम में आग लग गई और धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मामले की सूचना दमकल विभाग को दी गई। आरोप है कि सूचना के घंटों बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दरअसल, मामला बुढाना कोतवाली क्षेत्र के कांधला रोड का है। जहां विद्युत विभाग की एक बड़ी लापरवाही की वजह से एक पेंट व्यापारी का लाखों रुपए का माल जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार कांधला रोड पर अंकुर पेंट स्टोर के नाम से गोदाम है। जिसमें रविवार की सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण गोदाम के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन बताई जा रही है, जो कि पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। विद्युत लाइन का तार अचानक टूट कर खंबे से टच होने से ब्लास्ट हुआ। जिससे पेंट गोदाम में आग लग गई।
मामले की जानकारी गोदाम के मालिक और दमकल विभाग को दी गई। जिसके बाद गोदाम मालिक ने मौके पर पहुंचकर पड़ोसियों की मदद से बाल्टी से पानी डाल डाल कर आग बुझाने का प्रयास किया।। मगर आग बढ़ती चली गई। जिसके बाद दमकल विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंची। जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में रखे लाखों रुपए के नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि इस जर्जर विद्युत लाइन की शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई है। मगर इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
Updated on:
9 Aug 2020, 5:00 PM IST
Published on:
9 Aug 2020, 4:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.