
सहारनपुर/ देवबंद. रविवार की सुबह देवबंद में कई लोगों से लूटपाट की बड़ी वारदात का मामला सामने आया है. खबर है कि बदमाशों ने रास्ते में पेड़ गिराकर लोगों से लूटपाट की. गाँव के ही एक व्यक्ति ने खुद के लुटे जाने पर इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस अब बदमाशों की तलाश कर रही है.
लूट का अनोखा तरीका किया इस्तेमाल
लूट के लिए बदमाशों ने बिलकुल अलग तरीका इस्तेमाल किया. उन्होंने पहले तो शीशम के पेड़ों को काटकर मुख्य रास्ते पर गिरा दिया और जैसे ही कोई आने-जाने के लिए उस रास्ते पर आता, उसे रुकना पड़ता. जैसे ही कोई रुकता, आसपास छिपे बदमाश बाहर आते और उन्हें लूट लेते. सुबह 4 बजे जब पास के ही गांव के एक व्यक्ति को भी बदमाशों ने लूटने की कोशिश की तो विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई. किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटकर आए इस व्यक्ति ने गांव में सूचना दी तो बदमाश फरार हो गए. देवबंद पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
बदमाशी के लिए कुख्यात हो गया देवबंद
पीड़ित धर्मवीर ने बताया कि वह रोज़ की तरह साईकल पर सवार होकर अपने गांव दूध लेने जा रहा था। रास्ते में पहले से ही घात लगाये हथियारों से लैस आधा दर्जन बदमाशों ने सड़क पर शीशम का पेड़ काटकर डाल रखा था। पीड़ित धर्मवीर की साइकिल जैसे ही पेड़ से टकराई तो एक बदमाश ने उसे पकड़ लिया। धर्मवीर ने उसका विरोध किया और हाथापाई करने लगा तो इसी बीच खेत में छिपे इसके अन्य साथी भी आ गए। धर्मवीर के मुताबिक उनके हाथों में तमंचा और लाठी डंडे थे। उन्होंने निकलते ही गोली मारने की चेतावनी दी तो धर्मवीर डर गया और वह पीछे हट गया। इसके बाद उसने बदमाशों को अपने सारे पैसे दे दिए और गांव में आकर बताया कि रास्ते में बदमाश लूटपाट कर रहे हैं। जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो लुटेरे भाग चुके थे। इस घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। देवबंद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
सुरक्षित नहीं रहा देवबंद रणखंडी मार्ग
देवबन्द रणखण्डी मार्ग पर रोड होल्ड अप की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी घलोली- रणखंडी के बीच हथियारों से लैस बदमाश रोड होल्ड अप की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। बदमाशों ने मुज़फ्फरनगर में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे सहारनपुर के एक परिवार को लूट लिया था। इस परिवार की इनोवा गाड़ी भी खेत में पलट गई थी।