सहारनपुर

पुलिस के सामने भाई ने तमंचे से बहन को मारी गोली, 4 दिन पहले गांव के ही युवक संग भाग गई थी युवती

Saharanpur Crime News : सहारनपुर में दो भाइयों ने अपनी ही बहन पर तमंचे से फायर झोंक दिया। बहन उस समय पुलिस कस्टडी में थी।

2 min read
पुलिस कस्टडी में भाई ने बहन को मारी गोली, PC- X

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो भाइयों ने पुलिस कस्टडी में अपनी 25 वर्षीय बहन राखी पर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने सरेआम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ी में बैठी बहन के सिर से तमंचा सटाकर फायर कर दिया। वारदात को अंजाम देकर दोनों भाई बाइक से फरार हो गए।

ये भी पढ़ें

‘धुरंधर 2’ के बाद एक्टिव हुआ गुड्डू मुस्लिम, 50 लाख की रंगदारी मामले में पीटा गया फैसल, सामने आई यह कहानी

प्रेमी संग फरार हो गई थी युवती

फतेहपुर थाना क्षेत्र के रामखेड़ी गांव की रहने वाली राखी 4 दिन पहले गांव के ही एक युवक के साथ घर से चली गई थी। भाई रवि ने गांव कंदेला के लवकुश और गोविंद के खिलाफ बहन के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। रविवार देर रात पुलिस ने राखी को सुरक्षित बरामद कर लिया था।

मेडिकल के लिए CHC लेकर गई थी पुलिस

सोमवार को पुलिस टीम राखी को मेडिकल परीक्षण के लिए फतेहपुर CHC लेकर पहुंची थी। राखी अभी पुलिस की गाड़ी में ही बैठी थी कि तभी उसके दो भाई, रवि और मॉन्टी, वहां पहुंच गए। इससे पहले कि पुलिस कुछ समझ पाती, भाइयों ने नफरत में अंधी होकर बहन के सिर में गोली उतार दी। गोली चलते ही अस्पताल परिसर में भगदड़ मच गई। पुलिस कर्मियों ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए।

वेंटिलेटर पर जंग लड़ रही युवती

गोली लगने के बाद राखी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। CHC के डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल से उसे दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल (मीडिग्राम) ले जाया गया। युवती के सिर में गंभीर चोट है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए बनाई 4 टीमें

एसएसपी अभिनंदन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार विशेष टीमें गठित की हैं। एसएसपी ने बताया, 'घायल युवती का इलाज चल रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आरोपियों की पहचान रवि और मॉन्टी के रूप में हुई है। यह स्पष्ट किया जा रहा है कि गोली किसने चलाई। जल्द ही दोनों सलाखों के पीछे होंगे।'

Published on:
23 Mar 2026 07:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर